हमीरपुर के राठ में दबंगों ने घर में घुसकर की मारपीट, महिलाओं के जेवरात छीने

Spread the love

हमीरपुर जनपद के राठ कोतवाली क्षेत्र के औंता गांव में एक परिवार पर हमला हुआ है. आरोप है कि दर्जन भर दबंगों ने घर में घुसकर मारपीट की और महिलाओं के जेवरात छीन लिए. पीड़ित कल्लू पुत्र परमा ने शुक्रवार को राठ कोतवाली में लिखित तहरीर दी है.

कल्लू ने अपनी तहरीर में बताया कि गांव के दो दबंग व्यक्ति उसके पास आकर उसके साले का मोबाइल नंबर मांगने लगे. जब उसने नंबर देने से मना किया, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी. विवाद बढ़ने पर कल्लू ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग गए. कुछ देर बाद, वही दबंग लगभग एक दर्जन अन्य लोगों के साथ कल्लू के घर पहुंचे.

उन्होंने घर के दरवाजे तोड़कर अंदर घुसकर कल्लू और उसके परिवार के सदस्यों के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की. उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई. पीड़ित ने आरोप लगाया कि मारपीट के दौरान हमलावरों ने घर की महिलाओं के जेवरात भी छीन लिए. कल्लू ने शुक्रवार को राठ कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है.

राठ कोतवाली के प्रभारी इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *