UP के सीतापुर जिले के महोली क्षेत्र में रविवार को एक महिला के घर के बाहर दबंगों ने एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग की. कई गोलियां घर के बाहर लगे सोलर पैनल की प्लेट में जाकर लगीं. दिनदहाड़े गोलियों की तड़तडाहट से इलाके में दहशत फैल गई. बताया जाता है कि मामला जमीन विवाद से जुड़ा है. हमलावर एक डीसीएम में भरकर आए थे. सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ट्रेनी आईपीएस के पिता सहित नौ संदिग्धों को दबोच लिया है. साथ ही फायरिंग के दो खोखा भी पुलिस ने मौके से बरामद किए है.
घटना दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे अढ़ौरी बाईपास मोड़ के पास की है. पीड़िता शोभना शुक्ला के मुताबिक वह मूल रूप से महोली कोतवाली क्षेत्र के देवरिया गांव की निवासी हैं. उन्होंने वर्ष 2018 में अढ़ौरी बाईपास पर करीब 19 बिसुआ जमीन खरीदी थी. जमीन के कुछ हिस्से पर उनका मकान बना हुआ है, जबकि शेष जमीन पर उनका कब्जा बताया गया है. शोभना का आरोप है कि कैमहरा रघुबरदयालपुर गांव के विपिन बिहारी बाजपेई ने भी 2022 में बैनामा कराया था. बताते हैं कि विपिन बिहारी झारखंड में तैनात ट्रेनी आईपीएस के पिता हैं.
जमीन कब्जा करने आए थे हमलावर: आरोप है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों में विवाद चल रहा है. करीब दो माह पहले महोली तहसील द्वारा शोभना के पक्ष में फैसला सुनाए जाने के बावजूद रसूखदार लोग जमीन पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे. आरोप है कि रविवार दोपहर दो बजे करीब 40 लोग डीसीएम में सवार होकर लाठी-डंडों और असलहों से लेकर उनके दरवाजे पर आ पहुंचे और जमीन कब्जा करने लगे तो शोभना ने कब्जे का विरोध किया. इस पर हमलावरों ने गाली गलौज करते हुए तोड़फोड़ फायरिंग शुरू कर दी जिसपर शोभना अपने घर के भीतर घुस गई और दरवाजा बंद कर लिया.
सोलर पैनल और घर के बाहर लगी गोलियां: मौके पर मौजूद दबंगों द्वारा लगभग एक दर्जन से अधिक गोलियां दांगी तो घर के बाहर और सोलर पैनल पर जाकर लगीं. घटना के समय शोभना घर पर अकेली थीं, जबकि उनके पति और बच्चे देवरिया गांव में थे. शोभना के अनुसार हमलावरों ने धमकी देते हुए कहा कि महिला को कमरे से बाहर निकालकर उसकी हत्या करने की धमकी दी. एक दर्जन से अधिक राउंड फायरिंग के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बाईपास पर यातायात भी कुछ देर प्रभावित रहा.
घटना की सूचना मिलते ही महोली पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने मौके से करीब नौ लोगों सहित एक दर्जन लाठी-डंडे बरामद किए हैं. इस संबंध में एएसपी दक्षिणी दुर्गेश सिंह का कहना है कि घटना स्थल से विपिन बिहारी बाजपेयी सहित नौ लोग मौके से पकड़े गए है. पकड़े गए युवकों की जेब से दो खोखा बरामद हुए है. जांच की जा रही है. आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं. फायरिंग में प्रयुक्त असलहों की खोज की जा रही है.
















Leave a Reply