हमीरपुर में स्कूली बच्चों के ‘सड़क आंदोलन’ पर सियासत गर्मायी, सपा-कांग्रेस और AAP ने सरकार को घेरा

Spread the love

हमीरपुर में मंगलवार दोपहर गांव तक पक्की सड़क बनवाने की मांग को लेकर स्कूली बच्चों के कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन करने के मामले में अब सियासत तेज हो गई है. समाजवादी पार्टी, कांग्रेस, आम आदमी पार्टी और कॉकरोच जनता पार्टी समेत कई राजनीतिक दलों ने अपने-अपने X हैंडल से इस मामले को पोस्ट कर सरकार और जिला प्रशासन पर निशाना साधा है.

हमीरपुर मुख्यालय से करीब छह किलोमीटर दूर चंदूपुर गांव के मजरों मंगला का डेरा, बच्ची का डेरा और गंगवा का डेरा के स्कूली बच्चे मंगलवार दोपहर गांव से कलेक्ट्रेट तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे थे. बच्चों के हाथों में तिरंगा था और उनके बैनर पर लिखा था— “रोड नहीं तो वोट नहीं.”

इस प्रदर्शन में बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी शामिल थे. कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद बच्चों और उनके अभिभावकों ने डीएम कार्यालय में प्रवेश करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें अंदर जाने से रोक दिया. इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में काफी देर तक प्रदर्शन चलता रहा. बच्चे गांव तक पहुंचने वाली खराब सड़क को बनवाने की मांग कर रहे थे.

प्रदर्शन में बच्चों के साथ उनके अभिभावक भी शामिल थे.

मामला सामने आने के बाद राजनीतिक दलों ने इसे लेकर सरकार और प्रशासन पर हमला बोलना शुरू कर दिया. समाजवादी पार्टी ने X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि जब सत्ताधारी दल भ्रष्ट हो जाता है तो सड़क पर खुद मासूमों को आना पड़ता है.

सड़क निर्माण की मांग कर रहे मासूम बच्चों के साथ प्रशासन की कार्रवाई को कांग्रेस ने शर्मनाक बताया.

कांग्रेस ने अपने X हैंडल पर लिखा कि अपराधियों पर नकेल कसने का दावा करने वाली पुलिस डीएम कार्यालय के बाहर निहत्थे स्कूली बच्चों को डराने-धमकाने में लगी है. सड़क निर्माण की मांग कर रहे मासूम बच्चों के साथ प्रशासन की कार्रवाई को कांग्रेस ने शर्मनाक बताया. कांग्रेस ने कहा कि बच्चे दलदल और गड्ढों वाली सड़क से निजात पाने के लिए ही जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे थे.

वहीं आम आदमी पार्टी ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा। पार्टी ने X पर लिखा कि देश अब मोदी सरकार के जुमलों में आने वाला नहीं है और नई पीढ़ी ने सरकार से काम करवाने की जिम्मेदारी अपने हाथों में ले ली है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *