माफिया अतीक अहमद के बेटे अबान अहमद झांसी में एक सड़क हादसे का शिकार हो गया था. अब इस दर्दनाक कार दुर्घटना का एक भयानक वीडियो सामने आया है. जिसमें हादसे की पूरी कड़ियां साफ नजर आ रही हैं कि किस तरह तेज रफ्तार क्रेटा कार का संतुलन बिगड़ा और वह सड़क किनारे जाकर हादसे का शिकार हो गई. इस हादसे में अबान और उसके एक दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कार में सवार उसके तीन साथी गंभीर रूप से घायल हो गए थे.
ओवरटेक करने के चक्कर में बिगड़ा संतुलन: सामने आए वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि अबान अहमद की सफेद रंग की क्रेटा कार काफी तेज रफ्तार में सड़क पर फर्राटा भर रही थी. कार के आगे एक पिकअप वाहन चल रहा था. अबान की कार ने पिकअप को ओवरटेक करने की कोशिश की, लेकिन तेज रफ्तार होने के कारण ड्राइवर का कार से नियंत्रण पूरी तरह छूट गया. ओवरटेक करने के ठीक बाद कार अनियंत्रित होकर लहराने लगी. रफ्तार इतनी तेज थी कि ड्राइवर ब्रेक लगाकर कार को संभाल नहीं पाया. देखते ही देखते कार सड़क से नीचे उतर गई और कई फीट दूर जाकर पलटी खाते हुए हादसे का शिकार हो गई.
अतीक के बेटे अबान की हुई थी मौत: यह दर्दनाक हादसा झांसी के सीमावर्ती इलाके में हुआ था. हादसे के वक्त कार की स्पीड काफी ज्यादा बताई जा रही है. भीषण टक्कर और कार के कई बार पलटने की वजह से कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई थी. स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां डॉक्टरों ने अतीक अहमद के बेटे अबान और उसके एक दोस्त को मृत घोषित कर दिया था. कार में मौजूद अन्य घायलों का इलाज अभी भी जारी है.
स्थानीय लोगों ने दी थी पुलिस को सूचना: घटना के वक्त मौके पर मौजूद राहगीरों ने बताया था कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि पलक झपकते ही गाड़ी सड़क से नीचे खाई में चली गई और धूल का गुबार उठने लगा. लोगों ने तुरंत दौड़कर कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला और स्थानीय पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी. अब हादसे का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. पुलिस प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है. हालांकि शुरुआती जांच और वीडियो से साफ लग रहा है कि तेज रफ्तार में ओवरटेकिंग ही इस दर्दनाक हादसे की मुख्य वजह बनी.
















Leave a Reply