CM योगी अचानक आगरा दौरा रद्द दिल्ली रवाना, अमित शाह से होगी वन-टू-वन मुलाकात; सियासी हलचल तेज

Spread the love

UP के 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ने अपनी तैयारियों को तेज कर दिया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मथुरा में चल रहे बीजेपी के चिंतन शिविर की बैठक खत्म होने के बाद आगरा जाने के बजाय सीधे दिल्ली के लिए रवाना होंगे. आगरा में उन्हें दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से मुलाकात करनी थी

पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, दिल्ली पहुंचने के बाद सीएम योगी मंगलवार शाम केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ अलग-अलग मुलाकात करेंगे. इस बैठक को 2027 के चुनाव से जोड़कर देखा जा रहा है.

अमित शाह से सीएम योगी की मुलाकात: राजनीतिक हलकों में इन मुलाकातों को बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है, इन बैठकों में मुख्य रूप से आगामी यूपी विधानसभा चुनावों की तैयारियों, संगठनात्मक तालमेल और जमीनी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है.

माना जा रहा है कि मथुरा में आयोजित दो दिवसीय बीजेपी के चिंतन शिविर में निकला निचोड़ और प्रदेश इकाई के फीडबैक को सीएम योगी केंद्रीय नेतृत्व के सामने रख सकते हैं,

19 नवंबर से गोरखपुर से शुरू होने वाले ‘जन चौपाल’ अभियान के जरिए राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों तक पहुंचने की रूपरेखा पर भी बातचीत हो सकती है. बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत करने, सामाजिक समीकरणों को साधने और सरकार की योजनाओं को जनता तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के रोडमैप पर शीर्ष नेतृत्व के साथ मंथन हो सकता है.

बीजेपी के लिए 2027 का चुनाव अहम: बीजेपी के लिए 2027 का चुनाव काफी अहम माना जा रहा है. 2024 के लोकसभा चुनाव में सियासी झटका लगने के चलते पार्टी के लिए 2027 का चुनाव काफी महत्वपूर्ण बन गया है. बीजेपी किसी भी सूरत में यूपी की सत्ता अपने हाथ से नहीं निकलने देना चाहती है. इसके लिए लगातार राजनीतिक एक्सरसाइज भी शुरू कर दी है.

मथुरा के परखम में बीजेपी का दो दिवसीय चिंतन शिविर चल रहा है, जिसका आज समापन दिन है. इस बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक सहित संगठन के कई वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हुए हैं.

बीजेपी के इस चिंतन शिविर के तुरंत बाद ही सीएम योगी का दिल्ली दौरा यह दर्शाता है कि पार्टी नेतृत्व यूपी की सियासी बिसात बिछाने में कोई भी देरी नहीं करना चाहता.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *