दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग पर थाना जैत क्षेत्र के अंतर्गत छटीकरा से आगे एक ट्रक आगे जा रहे ट्रोला से टकराकर पलट गया. जिससे ट्रक में लदे खजूर पूरे रोड पर फैल गए, फिर क्या था लोगों में फ्री के खजूर लूटने की होड़ मच गई.
ट्रोला से भिड़ंत, परिचालक गंभीर रूप से घायल: हादसे के बाद हाईवे पर चीख-पुकार मच गई और ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना में ट्रक का परिचालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सूचना मिलते ही स्थानीय जैत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल के परिजनों को घटना की जानकारी दी.
क्रेन का हुक टूटने से दोबारा पलटा ट्रक: पुलिस ने हाईवे पर यातायात सुचारू कराने के लिए क्रेन बुलाई. जब क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को खींचकर थाने ले जाया जा रहा था, तभी अचानक क्रेन का हुक टूट गया. हुक टूटते ही खजूर से लदा ट्रक असंतुलित होकर दोबारा हाईवे पर ही पलट गया और उसमें भरे खजूर सड़क पर चारों तरफ बिखर गए.
खजूर लूटने की मची होड़, लगा लंबा जाम: सड़क पर खजूर बिखरते ही स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों में उन्हें लूटने की होड़ मच गई. दुर्घटना की गंभीरता को भूलकर लोग थैले लेकर सड़क पर दौड़ पड़े. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों के रोकने के बावजूद भीड़ नहीं मानी.
बीच सड़क पर ट्रक पलटने और खजूर लूटने वालों की भीड़ के कारण दिल्ली-आगरा हाईवे पर वाहनों के पहिये थम गए और देखते ही देखते कई किलोमीटर लंबा भीषण जाम लग गया.
कड़ी मशक्कत के बाद बहाल हुआ यातायात: बाद में जैत थाना पुलिस ने अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर भीड़ को खदेड़ा और दूसरी क्रेन की मदद से ट्रक को रास्ते से हटवाया. कड़ी मशक्कत के बाद हाईवे पर यातायात को पूरी तरह सुचारू कराया जा सका. पुलिस घटना की जांच कर रही है.
















Leave a Reply