हमीरपुर जिले के बिवांर थाना क्षेत्र में मामूली विवाद को लेकर चचेरे भाइयों के परिवार आमने-सामने आ गए. दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले. मारपीट में महिलाएं भी शामिल दिखाई दे रही हैं. घटना का वीडियो अब सामने आया है, जिसे एक पक्ष ने पुलिस को तहरीर के साथ उपलब्ध कराया है.
मामला बिवांर थाना क्षेत्र के अतरार गांव का है. यहां 12 अगस्त की रात पड़ोसी चंद्रप्रकाश और सेवालाल के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. इसके बाद लाठी-डंडे चलने लगे. मारपीट में परिवार की महिलाएं भी शामिल हो गईं.
घटना के दौरान किसी व्यक्ति ने घर की छत से पूरी मारपीट का वीडियो बना लिया. वीडियो में एक पक्ष के लोग दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं जबकि घर में मौजूद छोटे छोटे बच्चे दहशत की वजह से चीखते चिल्लाते दिख रहे हैं.
चंद्रप्रकाश ने बिवांर थाना पुलिस को तहरीर देते हुए आरोप लगाया है कि सेवालाल और उसके परिवार के लोग लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए और उसके साथ मारपीट की. पीड़ित ने पुलिस को घटना का वीडियो भी सौंपा है.

वीडियो और तहरीर मिलने के बाद बिवांर थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. हमीरपुर पुलिस के सोशल मीडिया सेल की ओर से बताया गया है कि बिवांर थाना पुलिस को मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है.
















Leave a Reply