फतेहपुर में ऑनलाइन सट्टे में लाखों हार जाने के बाद किया सुसाइड, पेड़ से लटका मिला पूर्व प्रधान के बेटे का शव

Spread the love

फतेहपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी में लाखों रुपए हारने के बाद पूर्व प्रधान के बेटे ने सुसाइड कर लिया. बाग में मंगलवार सुबह करीब सात बजे बिल्डिंग मटेरियल व्यवसायी का शव पेड़ से लटका मिला. बाग की तरफ गए ग्रामीणों ने शव देखकर मामले की सूचना परिजनों और स्थानीय पुलिस को दी.

परिजनों के अनुसार मृतक गांव में ही भवन निर्माण सामग्री की दुकान चलाता था. वह ऑनलाइन सट्टेबाजी की लत के कारण काफी रुपए हार चुका था और मानसिक तनाव में था. सोमवार शाम करीब 4 बजे घर से वसूली के सिलसिले में निकला था. काफी देर तक घर नहीं लौटा को परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई. मंगलवार सुबह शव मिलने की सूचना पर परिवार में कोहराम मच गया.

सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए. इसके बाद पंचायतनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. मामला चांदपुर थाना क्षेत्र के हरिजनपुर गांव का बताया जा रहा है.

मृतक की पहचान गौरा गांव के पूर्व प्रधान धनीराम(65) के बेटे शशि कुमार (36) के रूप में हुई है. परिवार में मां रंकिशोरी(60) बड़ा भाई उमेश कुमार (40) लखनऊ में सरकारी टीचर हैं. शशि अपने गांव में ही गिट्टी, मोरम और सरिया का व्यवसाय करते थे. उसकी शादी लगभग 8 साल पहले हुई थी. उसके परिवार में पत्नी ऊषा, एक बेटी उर्वशी और एक बेटे उत्कर्ष है.

सुबह तड़के वसूली के नाम पर निकला था घर से: मृतक के पिता धनीराम ने बताया कि सोमवार को शाम 4 बजे शशि घर से बकाया रुपयों की वसूली करने की बात कहकर निकला था. जब वह काफी देर तक वापस नहीं लौटा, तो घरवालों ने उसके मोबाइल पर फोन किया. तब उसने बताया कि वह रूसिया गांव से वापस घर ही आ रहा है लेकिन इसके थोड़ी देर बाद ही उससे संपर्क टूट गया और मोबाइल बंद हो गया. काफी देर तक शशि का पता न चलने पर थाने में शिकायत दी थी.

पेड़ से लटका मिला शव, ऑनलाइन सट्टे में हारा था लाखों: कुछ ही देर बाद हरिजनपुर गांव के पास से गुजर रहे ग्रामीणों की नजर एक पेड़ से लटके शव पर पड़ी. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना परिजनों और पुलिस को दी. मौके पर पहुंची पत्नी और परिजनों का शव देखते ही होश उड़ गए.

मृतक के पिता धनीराम ने बताया – शशि को ऑनलाइन सट्टेबाजी की बहुत बुरी लत लग चुकी थी. वह इसमें अपने भारी-भरकम रुपये हार चुका था और उस पर काफी कर्ज हो गया था. पिता को बेटे की इस लत का पता सोमवार को ही चला था. उन्होंने यह भी बताया कि कर्ज चुकाने और सट्टे के चक्कर में शशि ने अपनी चार पहिया गाड़ी तक पड़ोसी गांव के एक युवक के पास गिरवी रख दी थी. इसी मानसिक तनाव और आर्थिक तंगी से परेशान होकर उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया.

चांदपुर थाना पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची. पुलिस ने फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कराया और जरूरी साक्ष्य जुटाए. इसके बाद शव को फंदे से उतारकर पंचायतनामा भरा गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *