कानपुर में भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में कार्यक्रम के दौरान दो पदाधिकारियों के बीच हुई मारपीट का मामला अब थाने पहुंच गया है. पूर्व जिला मंत्री शिवपूजन सविता ने जिला सह-मीडिया प्रभारी डॉ. विनय सिंह राठौर पर जातिसूचक गालियां देने और मारपीट करने का आरोप लगाया है.
कार्रवाई की मांग को लेकर वह बुधवार देर रात समर्थकों के साथ हनुमंत विहार थाने पहुंचे. एफआईआर दर्ज न होने पर शिवपूजन समर्थकों ने थाने के गेट पर धरना शुरू कर दिया. करीब 4 घंटे तक चले प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने उनका मेडिकल परीक्षण कराया. हालांकि, समर्थक मुकदमा दर्ज करने की मांग पर अड़े रहे.
मंच पर कुर्सी को लेकर शुरू हुआ विवाद: मामला केशव नगर स्थित भाजपा के क्षेत्रीय कार्यालय में बुधवार को आयोजित स्वागत कार्यक्रम का है. भाजपा प्रदेश महामंत्री और कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र प्रभारी शंकर लाल लोधी के स्वागत के लिए कार्यक्रम रखा गया था. मंच पर बैठने के दौरान कुर्सी को लेकर शिवपूजन सविता और विनय सिंह राठौर के बीच कहासुनी हो गई.
विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई शुरू हो गई. आरोप है कि शिवपूजन ने विनय सिंह को थप्पड़ मारा, जिसके बाद दोनों एक-दूसरे से भिड़ गए और कपड़े तक फट गए. भाजपा जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह समेत अन्य पदाधिकारियों ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग कराया.
कार्यक्रम से बाहर निकालने के बाद भी भिड़े: मामला शांत कराने के बाद दोनों को कार्यक्रम से बाहर कर दिया गया. आरोप है कि बाहर निकलने के बाद भी दोनों के बीच दोबारा विवाद हुआ. इस दौरान विनय सिंह ने शिवपूजन की चप्पल से पिटाई की. हंगामा बढ़ने पर पार्टी के अन्य नेताओं ने दोनों को अलग किया.
घटना के बाद शिवपूजन ने विनय सिंह पर जातिसूचक टिप्पणी करने और मारपीट का आरोप लगाया. इसके बाद वह समर्थकों के साथ हनुमंत विहार थाने पहुंचे और पुलिस से मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की.
पार्टी ने बनाई पांच सदस्यीय जांच कमेटी: विवाद के बाद क्षेत्रीय अध्यक्ष रामकिशोर साहू ने मामले पर नाराजगी जताई. उन्होंने पांच सदस्यीय जांच कमेटी गठित कर तीन दिन में रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं. कमेटी में क्षेत्रीय मंत्री सुनील तिवारी, जिलाध्यक्ष दक्षिण शिवराम सिंह, जिलाध्यक्ष उत्तर अनिल दीक्षित, जिलाध्यक्ष ग्रामीण उपेंद्र पासवान और क्षेत्रीय उपाध्यक्ष अशोक राजपूत शामिल हैं.
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने कहा कि जांच में जो भी पदाधिकारी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ पार्टी स्तर पर कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने दोषी पाए जाने पर निष्कासन तक की कार्रवाई की बात कही है.
















Leave a Reply