कानपुर में IT कर्मी ने सुसाइड किया, नोट में लिखा- जमीन-जेवरात के लिए प्रताड़ित कर रही थी बड़ी बहन

Spread the love

कानपुर के चकेरी थाना क्षेत्र के कृष्णापुरम में शुक्रवार सुबह एक आईटी सेक्टर कर्मी ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली. 38 वर्षीय मृतक के कमरे से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने लखनऊ निवासी अपनी बड़ी बहन पर जमीन और जेवरात को लेकर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है. पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की.

एनटीटी डाटा कंपनी में काम करने वाले रवि दीक्षित का घर कृष्णापुरम में है. उनकी पत्नी ज्योति मिश्रा ने बताया कि रवि पिछले चार वर्षों से घर से काम कर रहे थे. उनका आठ वर्षीय बेटा सामग्र दीक्षित है. ज्योति के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब छह बजे जब वह कमरे में पहुंचीं, तो रवि दुपट्टे के सहारे पंखे से लटके हुए थे. परिजनों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

मृतक रवि की पत्नी ज्योति ने बताया कि पति की बड़ी बहन संपत्ति के लिए प्रताड़ित कर रही थी

पत्नी बोली- बड़ी बहन ने धमकाया था:ज्योति मिश्रा ने आरोप लगाया है कि रवि के माता-पिता की मृत्यु के बाद से उनकी बड़ी बहन छवि जमीन और जेवरात को लेकर लगातार विवाद कर रही थीं और दबाव बना रही थीं. उन्होंने बताया कि 15 अगस्त को भी बहन घर आई थीं और रवि से कहा था कि चाहे मर जाओ, लेकिन जमीन लेकर ही रहेंगे.

बहन ने कहा था- रवि जिएं या मरें, उसे कोई फर्क नहीं पड़ता: ज्योति के अनुसार, बहन की प्रताड़ना के कारण रवि मानसिक रूप से परेशान थे और उन्होंने पहले भी कई बार आत्महत्या करने की बात कही थी. पत्नी का आरोप है कि संपत्ति विवाद के दौरान रवि के विरोध करने पर उनकी बहन छवि ने कहा था कि उसे संपत्ति चाहिए, रवि जिएं या मरें, इससे उसे कोई फर्क नहीं पड़ता.

पुलिस इन सभी आरोपों की जांच कर रही है. घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं.

पुलिस लोगों से पूछताछ कर रही है.

चकेरी के कार्यवाहक प्रभारी जावेद अहमद ने जानकारी दी कि घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट की जांच की जा रही है. परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों की भी गहनता से जांच की जाएगी. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *