कार्तिक पूर्णिमा पर कानपुर के गंगा घाटों पर उमड़ी भीड़, लगाई डुबकी; घाटों पर जलाए हजारों दीप

Spread the love

कार्तिक पूर्णिमा पर मंगलवार को कानपुर के गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी. बिठूर, सरसैया, परमट, सिद्धनाथ, अटल, लक्ष्मण, मैगजीन और बाबा घाट पर सुबह से गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए लोग पहुंचे.

श्रद्धालुओं ने ब्रह्म मुहूर्त से ही गंगा में आस्था की डुबकी लगाई. सुबह की ठंड के बावजूद घाटों पर भीड़ रही और हर-हर गंगे के जयकारे गूंजते रहे.

स्नान के बाद लोगों ने सूर्यदेव को अर्घ्य दिया, दीपदान किया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। देव दीपावली के अवसर पर घाटों पर दीप जलाए गए. भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और यातायात के इंतजाम किए थे.

उधर बिल्हौर में अरौल स्थित नानामऊ गंगा घाट पर सुबह से ही गंगा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. पवित्र स्नान के पश्चात श्रद्धालु बेलपत्र, फूल और अन्य पूजन सामग्री के साथ कतारबद्ध होकर भगवान शिव की आराधना करते नजर आए.

पवित्र गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने विधि-विधान से भगवान शिव की पूजा-अर्चना की. हाथों में बेलपत्र, फूल, अक्षत और अन्य पूजन सामग्री लेकर श्रद्धालु मंदिर में भोलेनाथ को अर्पित करने के लिए लंबी कतारों में लगे नजर आए. इस दौरान हर-हर गंगे और हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा घाट परिसर भक्तिमय बना रहा.

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन मुस्तैद: घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन भी मौके पर पूरी तरह मुस्तैद रहा. पुलिसकर्मी लगातार घाट और मंदिर परिसर के आसपास गश्त कर भीड़ को नियंत्रित करते रहे ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन और स्नान में किसी प्रकार की असुविधा न हो.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *