कानपुर के चकेरी थाने के सामने युवक ने अपनी गर्दन पर मारा ब्लेड, गंभीर हालत में हैलट रेफर

Spread the love

कानपुर के चकेरी थाना के बाहर रविवार शाम 6:10 बजे एक युवक ने अपने गले पर ब्लेड से वार कर खुद को घायल कर लिया. थाने के बाहर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत युवक के हाथ से ब्लेड छीन लिया. उसे गंभीर हालत में कांशीराम अस्पताल पहुंचाया गया. शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर हैलट अस्पताल रेफर कर दिया. पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है। हालांकि घायल की पहचान नहीं हो सकी है.

मौजूद लोगों ने बताया कि युवक चकेरी थाने के बाहर खड़ा था. अचानक उसने अपने जेब से ब्लेड निकाला और गले पर वार करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते उसके गले से खून बहने लगा और वह लहूलुहान हो गया. इस घटना से थाने के बाहर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.

पुलिसकर्मियों ने बिना देर किए युवक को काबू किया और उसके हाथ से ब्लेड छीन लिया. इसके बाद कपड़े से उसके खून रुका और घायल युवक को तुरंत कांशीराम अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखकर उसे हैलट अस्पताल रेफर कर दिया. पुलिस के मुताबिक, युवक का इलाज चल रहा है और उसकी हालत पर नजर रखी जा रही है

थाना प्रभारी अजय प्रकाश मिश्र ने बताया कि युवक बहुत नशे में था. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि उसने खुद पर ब्लेड से हमला क्यों किया. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक ने किस हालात में यह कदम उठाया और घटना से पहले उसका किसी से झगड़ा हुआ था या नहीं.

घटना के बाद पुलिस ने युवक की पहचान और उसके परिवार की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है. युवक के होश में आने के बाद उसके बयान दर्ज किए जाएंगे. पुलिस यह भी जांच कर रही है कि युवक के पास ब्लेड कहां से आया और क्या वह किसी मानसिक तनाव या अन्य परेशानी में था. फिलहाल घायल युवक का हैलट अस्पताल में इलाज जारी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *