कानपुर में DCP पूर्वी कार्यालय से महज दो सौ मीटर दूर स्कूटी सवार महिला से चेनलूट, दंपति गिरकर घायल

Spread the love

कानपुर में रेलबाजार थानाक्षेत्र में सीओडी पुल से उतरते ही हनुमान मंदिर के पास स्कूटी से पति के साथ जा रही महिला से बाइक सवार बदमाशों ने चेन लूट ली और भाग निकले. वहीं छीना झपटी में स्कूटी गिरने से दंपति घायल हो गये.घटना DCP पूर्वी कार्यालय से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर हुई. रेलबाजार पुलिस मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश में जुट गई है.

चकेरी के कृष्णा नगर निवासी त्रिभुवन चंद्र जैन नेशनल कंज्यूमर्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (सेंट्रल गवर्नमेंट) से डिप्टी मैनेजर पद से रिटायर हैं. उन्होंने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब साढ़े छह बजे स्कूटी से पत्नी नीलम के साथ जनरलगंज स्थित जैन मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे. COD पुल उतरते ही हनुमान मंदिर के पास एक बाइक में सवार दो बदमाश आए. दोनों ने झपट्टा मारकर नीलम की चेन लूट ली और टाटमिल की ओर भाग निकले.

छीना झपटी के दौरान दंपति सड़क पर स्कूटी समेत गिर गए जिससे त्रिभुवन के बायें हाथ में फ्रैक्चर हो गया जबकि नीलम भी घायल हो गईं. नीलम ने बताया कि बाइक चला रहे बदमाश ने हेलमेट लगा रखा था जबकि पीछे बैठे बदमाश ने मुंह गमछे से ढका था. नीलम बताया कि उनकी चेन डेढ़ से दो तोले की थी.

DCP पूर्वी कार्यालय से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर वारदात होने से साफ हो गया है कि लुटेरों को पुलिस तक का खौफ नहीं है. थाना प्रभारी अमान सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मामला दर्ज किया जा रहा है. साथ ही घटनास्थल के आस पास के कैमरे खंगाले जा रहे हैं. जल्द ही आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी की जायेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *