गोरखपुर में प्रेस कॉफ्रेंस के दौरान सपाइयों में मारपीट, पूर्व जिलाध्यक्ष को थप्पड़ मारा

Spread the love

गोरखपुर में शनिवार को समाजवादी पार्टी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में कुर्सी पर बैठने को लेकर हंगामा हो गया. पार्टी के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी और ग्रामीण विधानसभा सीट से दावेदारी कर रहे अंशुमान सिंह के समर्थक आपस में भिड़ गए.

दोनों पक्षों में गाली-गलौज के बाद हाथापाई शुरू हो गई. बहस के बीच नगीना साहनी को अंशुमान सिंह के बेटे कमलेश सिंह ने थप्पड़ मार दिया. घटना के थोड़ी देर बाद ही अंशुमान सिंह को समाजवादी पार्टी से बाहर कर दिया गया.

अंशुमान सिंह के बेटे कमलेश सिंह ने पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी को थप्पड़ मार दिया.

सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी ने कैंट थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज करायी.

सपा नेताओं ने बीच-बचाव कर दोनों पक्ष के लोगों को खींचकर अलग किया. इसके बाद जाकर किसी तरह मामला शांत हुआ. वहीं, सपा जिलाध्यक्ष से मारपीट का एक वीडियो भी सामने आया है. घटना दोपहर 2.45 बजे जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब में हुई.

‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ को लेकर चल रही थी कॉन्फ्रेंस: सपा जिलाध्यक्ष बृजेश गौतम अखिलेश यादव के निर्देश पर चल रहे कार्यक्रम को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे. इसमें 2 से 8 अक्टूबर तक चलने वाले ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ की जानकारी दी जा रही थी. तभी ग्रामीण सीट से टिकट की तैयारी कर रहे अंशुमान सिंह अपने कार्यकर्ताओं के साथ प्रेस कॉन्फ्रेंस में पहुंचे.

अंशुमान ने मीडिया से बातचीत में कहा- सभागार में ज्यादातर कुर्सियां भरी थीं. बीच में कुछ जगह खाली थी। मैंने कुर्सी मंगवाई और नगीना साहनी से थोड़ा किनारे बैठने के लिए कहा. नगीना साहनी ने खिसकने से मना कर दिया. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई शुरू हो गई.

अंशुमान बोले- छवि खराब करने की साजिश: अंशुमान सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि ये पूरा नाटक मेरी छवि को खराब करने के लिए रचा गया। सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नगीना साहनी मेरी छवि खराब कराना चाहते हैं. जिस विधानसभा सीट से मैं 2027 के चुनाव में टिकट की दावेदारी कर रहा, उसी सीट से नगीना साहनी भी दावेदारी कर रहे हैं.

नगीना साहनी चाहते हैं कि इस तरह का विवाद हो जाएगा तो मेरी छवि धूमिल हो जाएगी. इसीलिए वो इस घटना को राजनीतिक रंग देने में लगे हैं. अंशुमान ने नगीना साहनी पर गाली-गलौज करने और पार्टी के प्रत्याशियों के खिलाफ बोलने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि मेरी तरफ से कोई भी गाली-गलौज नहीं की गई.

पूर्व जिलाध्यक्ष बोले- मुझे मछुआरा समझकर निशाना बनाया: नगीना साहनी ने कहा- प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अंशुमान सिंह के साथ आए लोग मुझसे जबरन कुर्सी खाली कराने लगे. जब उन्हें खाली जगह पर बैठने के लिए कहा गया, तो वे लोग मारपीट पर उतारू हो गए. मेरे साथ गाली-गलौज और हाथापाई की गई.

नगीना साहनी ने अंशुमान सिंह पर आरोप लगाते हुए कहा कि, मैं मछुआरा-निषाद समाज से हूं. इसी वजह से मुझे कमजोर समझकर निशाना बनाया गया. कुछ लोग गुंडई के बल पर अपना वर्चस्व कायम करना चाहते हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *