छठ महापर्व पर गोमती तट पर पहुंचे CM योगी, किया छठ पूजन; सैकड़ों महिलाओं ने भगवान सूर्य को दिया अर्घ्य

Spread the love

राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के अलग-अलग जिलों में महापर्व छठ हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है. रविवार की शाम को लखनऊ में सैकड़ों व्रती महिलाओं ने भगवान सूर्य को अर्घ्य देकर पूजन किया. इस मौके पर लक्ष्मण मेला मैदान गोमती तट पर अखिल भारतीय भोजपुरी समाज द्वारा आयोजित छठ पूजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी पहुंचे और सूर्य को अर्घ्य देकर पुष्प अर्पित किए. उनके साथ उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और महापौर सुषमा खर्कवाल भी मौजूद रहीं.

हाथों में पूजन सामग्री से सजे सूप, सिर पर फल और प्रसाद से भरी टोकरी और मन में छठ मैया के प्रति अटूट आस्था. लोक आस्था के महापर्व छठ पर रविवार शाम लखनऊ के गोमती तट पर ऐसा ही दृश्य दिखाई दिया.

व्रती महिलाओं ने जल में खड़े होकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया. छठ गीतों के बीच महिलाओं ने संतान की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की. घाट पर मौजूद परिजनों ने भी पूजा में हिस्सा लिया और जयकारे लगाए.

शाम होने से पहले ही महिलाएं परिवार के साथ घाट पहुंचने लगी थीं. किसी ने ईख से मंडप सजाया तो किसी ने सूप में केला, नारियल, गन्ना, पान और मिष्ठान रखकर पूजा की तैयारी की. सूर्यास्त के समय महिलाओं ने दूध और जल से सूर्य को अर्घ्य दिया. इसके बाद छठ मैया की आराधना कर परिवार के मंगल की कामना की.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *