UP में चुनाव आयोग ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले ड्राफ्ट वोटर लिस्ट जारी कर दी है। प्रदेश में अब कुल वोटर्स की संख्या बढ़कर 13.58 करोड़ हो गई। अप्रैल में हुए SIR में कुल वोटर 13.39 करोड़ थे। यानी प्रदेश में 7 महीने में 18.84 लाख वोटर्स बढ़ गए हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि ड्राफ्ट वोटर लिस्ट में 18 से 19 साल की उम्र के 11 लाख युवा मतदाता जुड़े हैं। ये पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। ऐसे ही प्रदेश में 7.87 लाख पुरुष मतदाता और 10.96 लाख महिला मतदाता बढ़ गई हैं।
उन्होंने बताया कि सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों की ड्राफ्ट मतदाता सूची में 7.38 करोड़ पुरुष, 6.20 करोड़ महिला और 4206 थर्ड जेंडर वोटर हैं। 1.18 करोड़ युवा मतदाता पहली बार चुनाव में अपना वोट डालेंगे। प्रदेश में जेंडर रेशियो 840 है। यानी 1000 पुरुषों पर महिलाओं की संख्या 840 है।
रिणवा ने बताया कि ईपी रेशियो 55.95 है। यानी उत्तर प्रदेश की कुल जनसंख्या में हर 100 लोगों में से 56 लोग रजिस्टर्ड वोटर हैं। बाकी लोग या तो 18 साल से कम हैं या फिर उनका नाम वोटर लिस्ट में नहीं जुड़ पाया है। SIR के समय जेंडर रेशियो 834 था, अब जेंडर रेशियो 840 है। यानी इसमें 6 की बढ़ोतरी हुई है।
SSR में ड्राफ्ट वोटर लिस्ट के प्रकाशन के बाद अब दावा और आपत्ति 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक की जाएंगी। 28 दिसंबर तक दावे और आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। फाइनल वोटर लिस्ट 4 जनवरी को जारी की जाएगी।
75 जिलों में राजनीतिक दलों के साथ होगी बैठक: ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद सभी जिला निर्वाचन अधिकारी मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। उन्हें मतदाता सूची उपलब्ध कराई जाएगी और पुनरीक्षण की प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी। आम लोग भी अपने जिले के निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर मतदाता सूची देख सकेंगे।
20 नवंबर तक BLO करेंगे मतदाता सूची की जांच: प्रदेश के 1 लाख 73 हजार 730 मतदान केंद्रों पर तैनात बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास ड्राफ्ट मतदाता सूची उपलब्ध रहेगी। BLO 17 से 20 नवंबर तक टेबल टॉप एक्सरसाइज के जरिए सूची में गलतियों की पहचान करेंगे और नियमानुसार आगे की कार्रवाई करेंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों से हर मतदान केंद्र पर बूथ लेवल एजेंट (BLA) नियुक्त करने की अपील की है, ताकि मतदाता सूची के पुनरीक्षण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का मकसद मतदाता सूची को अपडेट करना, गलतियां दूर करना और सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करना है।
















Leave a Reply