UP के संतकबीरनगर में रविवार शाम चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई. दबंगों ने खेत में गेहूं की बोआई कर रहे परिवार पर बंदूक और लाठी-डंडों से हमला कर दिया. फायरिंग में गोली लगने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए.
गुस्साए लोगों ने हमलावरों की दो बाइकें फूंक दीं। घायलों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज भेजा गया.
वारदात शाम करीब 4 बजे की है. घटना के बाद डीएम अनुज मलिक और एसपी संदीप कुमार मीना मौके पर पहुंचे और परिजनों से जानकारी ली. वहीं, परिवार में दो लोगों की हत्या से महिलाओं का रो-रोकर बुरा हाल है.
गांव में तनाव का माहौल है. गांव में 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. पोस्टमार्टम हाउस पर भी करीब 50 पुलिसकर्मी मौजूद हैं. घटना जिला मुख्यालय से करीब 30 किमी दूर मेंहदावल थाना क्षेत्र के जमोहरा गांव की है.
2019 से चल रही वर्चस्व की लड़ाई: जमोहरा गांव निवासी रामकेश यादव हैदराबाद में मेहनत-मजदूरी करते थे. वह दो महीने पहले ही गांव लौटे थे. रामकेश और मुरली यादव के बीच पुरानी रंजिश है. दोनों परिवारों के बीच 2019 से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है. दोनों के घरों के बीच करीब 300 मीटर की दूरी है.
खेत में पहुंचकर की ताबड़तोड़ फायरिंग: रामकेश के भाई श्रीकेश ने बताया- करीब दो महीने पहले मुरली ने रामकेश की पिटाई की थी. इस मामले में रामकेश ने जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया था. रामकेश रोज पुलिस को फोन करके बताता था कि आरोपी घर पर ही मौजूद हैं, लेकिन उनकी गिरफ्तारी नहीं हुई.
उन्होंने बताया- रविवार शाम करीब 4 बजे रामकेश के साथ हम सभी खेत में गेहूं की बोआई कर रहे थे. चाचा प्रह्लाद ट्रैक्टर से खेत की जुताई कर रहे थे. इसी दौरान मुरली यादव अपने परिवार के अजय, आकाश, गोरख और दिनेश समेत छह से अधिक लोगों के साथ खेत पर पहुंचा. उन्होंने गाली देते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की और लाठी-डंडों से हमला कर दिया.
भाई और दो चाचाओं को लगी गोली: श्रीकेश ने बताया, “मुरली और उसके साथियों ने खेत में पहुंचते ही हमला कर दिया और फायरिंग शुरू कर दी. हमारे भाई रामकेश, चाचा प्रह्लाद और घनश्याम को गोली लगी. इसमें रामकेश और प्रह्लाद की मौत हो गई. घनश्याम को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया है. इसके अलावा तीन अन्य लोग भी घायल हैं, जो मेंहदावल अस्पताल में भर्ती हैं.”
उन्होंने कहा, “अगर पुलिस ने समय रहते आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया होता तो आज हमारे घर में दो लोगों की हत्या नहीं होती.”
श्रीकेश का दावा है कि आरोपी पिछले चार साल में कम से कम 12-14 लोगों की हत्या कर चुके हैं. उन्होंने कहा, “दो साल पहले उन्होंने मुझे भी पीटा था. मुझे मरा हुआ समझकर खेत में ही छोड़कर चले गए थे. वे लोग बाजार जाते समय रास्ते में जिसे अकेला पाते हैं, उसे मारते हैं. कोई खेत में काम करने जाता है तो उसे भी अकेला पाकर पीट देते हैं. हमारे पास करीब 14-15 बीघा खेत है. वे लोग अक्सर घर पर चढ़कर मारपीट करते थे.”
















Leave a Reply