लखनऊ कांग्रेस कार्यालय में हंगामा: जूते चले, धक्का-मुक्की; आराधना मिश्रा-इमरान मसूद के पदभार में भिड़ंत

Spread the love

UP कांग्रेस कार्यालय में आराधना मिश्रा और इमरान मसूद के पदभार ग्रहण के दौरान कांग्रेसी आपस में भिड़ गए. जूते-चप्पल चले और जमकर धक्का-मुक्की हुई. 30 मिनट तक गहमागहमी का माहौल रहा.

हंगामे के बाद यूपी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अजय राय धरने पर बैठ गए. उन्होंने आरोप लगाया कि उनके साथ बदसलूकी हुई. मामला बिगड़ता देख सांसद प्रमोद तिवारी और इमरान मसूद वहां पहुंचे.

प्रमोद तिवारी ने अजय राय के सामने हाथ जोड़े. इमरान मसूद ने भी उन्हें मनाया. इस दौरान अजय राय की राहुल गांधी से फोन पर बात हुई. इसके बाद वह धरने से उठकर वहां से चले गए.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय राय अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस कार्यालय पहुंचे थे. इसी दौरान वहां मौजूद भीड़ को देखते हुए अजय राय के समर्थकों ने कहा कि ‘अध्यक्ष जी निकलेंगे, रास्ता दे दीजिए.’ इस पर ममता चौधरी की तरफ से पूछा गया, ‘कौन अध्यक्ष?’ इसके बाद दोनों गुटों के बीच विवाद बढ़ गया.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद के बाद अजय राय और ममता चौधरी के समर्थकों के बीच झगड़ा और मारपीट हुई. इस दौरान जूता फेंके जाने की भी बात सामने आई है. पूरे घटनाक्रम के बाद अजय राय ने मामले की शिकायत कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं से की और ममता चौधरी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की.

मामले को लेकर अजय राय ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा मोना और कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद से शिकायत की. अजय राय ने कहा कि ऐसे लोग पार्टी की छवि को खराब कर रहे हैं और ऐसे लोग पार्टी में रहेंगे तो पार्टी का माहौल खराब होगा. उन्होंने ममता चौधरी को पार्टी से बाहर करने की मांग की है. अजय राय को मामले में कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है

बताया जा रहा है कि कांग्रेस नेत्री ममता चौधरी और अजय राय के बीच पुरानी टशन है. आज अजय राय पार्टी कार्यालय पहुंचे तो ममता ने उनसे कहा – तुम्हारी शक्ल नहीं देखनी, यहां से चले जाओ. इस पर अजय राय पीछे मुड़े और कहा- औकात में रहना. इसी दौरान अजय राय के एक समर्थक ने जूता निकाल लिया. इसके बाद दोनों पक्षों के समर्थकों में कहासुनी शुरू हो गई. देखते ही देखते दोनों पक्ष भिड़ गए.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *