कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र अंतर्गत नारामऊ में बुधवार सुबह साढ़े 8 बजे IIT से 1 km दूर ओवरटेक करते समय दो बाइकें आपस में टकरा गईं. हादसे में युवक रंजीत (28) की मौत हो गई जबकि युवती समेत 3 की हालत गंभीर हैं। सभी घायल खून से लथपथ सड़क पर तड़पते रहे. युवती किसी तरह अपने साथी को उठाने की कोशिश करती रही. सूचना पर पुलिस पहुंची। घायलों को सीएचसी कल्याणपुर में भर्ती कराया गया जहां से गंभीर हालत में युवकों को अल्का हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया.
बताया गया कि रंजीत सीएचसी चौबेपुर से जॉब करता था और उसका बड़ा भाई अरविन्द सोनकर यूपी पुलिस में कांस्टेबल पद पर तैनात है और वर्तमान में लखनऊ के पक्षी बिहार में तैनात है.
पुलिस के अनुसार, सुबह साढ़े 8 बजे सागर ढाबा के पास मंधना से कल्याणपुर की ओर बाइक (UP78HH8733) आ रही थी. इस पर 3 लोग सवार थे. इस पर मंयक दुबे, शुभम मिश्रा और तन्वी मिश्रा सवार होकर आ रहे थे. जबकि दूसरी बाइक (UP78JD1285) जिस पर दो लोग रंजीत (28) और सुजीत सवार थे. एक-दूसरे बाइक को ओवरटेक करने लगे. इस दौरान दोनों बाइकें आपस में टकरा गईं. और सभी सड़क पर गिर गए.
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि बाइक सवारों की स्पीड काफी तेज थी. हादसे के बाद घायलों को पुलिस ने सीएचसी में भर्ती कराया। हादसे में रंजीत पुत्र जगरूप सोनकर कल्याणपुर की मौत हो गई जबकि सुजीत को गंभीर हालत में रामा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है जहां इलाज जारी है जबकि अन्य घायलों को अल्का हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है.

सिपाही के छोटे भाई की मौत से परिवार में मचा कोहराम: हादसे में रंजीत की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया. हादसे के बाद बिठूर पुलिस ने दोनों बाइकों को कब्जे में ले लिया. उन्हें मंधना चौकी में खड़ा कराया गया है. पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. हादसे के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा, हालांकि जीटी रोड पर यातायात प्रभावित नहीं हुआ.
बिठूर थाना प्रभारी अशोक कुमार सरोज ने बताया- “डायल 112 के माध्यम से नारामऊ में एक्सीडेंट की सूचना मिली थी. पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया. हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि अन्य घायलों का इलाज चल रहा है.”
















Leave a Reply