कानपुर के चकेरी में सुनसान मैदान में ईंट-पत्थरों से कुचला शव बरामद, पुलिस शिनाख्त में जुटी

Spread the love

कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र के टटीयन गांव स्थित सुनसान मैदान में शुक्रवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे एक युवक का ईंट और पत्थरों से कुचला हुआ शव मिला है. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाकर मृतक की शिनाख्त और हत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है. प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि शातिर बदमाशों ने युवक की बेरहमी से हत्या करने के बाद उसकी पहचान छिपाने के इरादे से उसका चेहरा और सिर पत्थरों से बुरी तरह कुचल दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स की टीम तत्काल मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया. फॉरेंसिक टीम को मौके से खून से सनी ईंट और कई अन्य अहम साक्ष्य मिले हैं, जिन्हें कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है. हालांकि, समाचार लिखे जाने तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है. पुलिस उसकी पहचान के प्रयास में जुटी है.

घटनास्थल के आसपास के स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस खाली मैदान में यह शव बरामद हुआ है. वहां अक्सर जुआ खेलने वाले और संदिग्ध प्रवृत्ति के लोगों का जमावड़ा लगा रहता है. ग्रामीणों का आरोप है कि इस मैदान में जुए के साथ-साथ कई तरह की अनैतिक गतिविधियां भी संचालित होती रहती हैं. ऐसे में अंदेशा जताया जा रहा है कि इस खूनी वारदात के पीछे जुए के दौरान हुआ कोई विवाद या पुरानी आपसी रंजिश हो सकती है.

चकेरी के एसीपी आशुतोष सिंह ने इस संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था. शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. घटनास्थल से फॉरेंसिक टीम को खून से सनी ईंट और साक्ष्य मिले हैं. मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं और हत्या से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर गहनता से जांच की जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *