कन्नौज में झूले में फंसकर बिग की तरह एक झटके में लड़की के सिर से उखड़ गए पूरे बाल

Spread the love

UP के कन्नौज में आसमानी झूला झूलते समय किशोरी के बाल झूले के डंडे में फंस गए और फिर बिग की तरह पूरे बाल स्किन समेत उखड़ गए. हादसे के बाद किशोरी को गंभीर हालत में स्थानीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से लखनऊ के पीजीआई रेफर कर दिया गया, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है. 

इस मामले में पुलिस ने किशोरी की मां की तहरीर पर झूला संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है. हादसे के दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर किसी की भी रूह कांप सकती है.

दरअसल कन्नौज के तालग्राम के माधौनगर गांव में हर साल दो दिवसीय मेला लगता है.  इस मेले में आसमानी झूले भी लगते हैं. शनिवार की शाम 14 वर्षीय अनुराधा कुछ बच्चों के साथ झूला झूलने गई थी. झूला झूलते समय किशोरी हादसे का शिकार हो गई. घटना में उसके सिर के बाल झूले के डंडे में लिपट गए और जब तक झूले को रोका जाता तब तक सिर के सभी बाल खाल समेत एक बिग की तरह उखड़ गए.

आनन-फानन में किशोरी को उपचार के लिए तिर्वा के मेडिकल कॉलेज भेजा गया और फिर लड़की की हालत को देखते हुए उसे लखनऊ के पीजीआई के लिए रेफर कर दिया गया. अब उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है.

पुलिस ने झूला मालिक के खिलाफ दर्ज किया केस

इस मामले में किशोरी की मां की तहरीर पर पुलिस ने झूला संचालक के खिलाफ बीएनएस धारा 125 और बीएनएस धारा 125 बी में मुकदमा दर्ज कर लिया है. हादसे के बाद से झूला संचालक फरार हो गया तो वहीं पुलिस झूला संचालक की तलाश में कर रही है.

बता दें कि माधौनगर में हर वर्ष की श्री श्री 1008 स्वामी नित्यानंद सेवा समिति के तत्वाधान में पूजा पाठ व शोभायात्रा और दो दिवसीय मेले का आयोजन किया जाता है. जिसमें कई प्रकार के झूले और अन्य दुकान लगती हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *