कानपुर के चकेरी श्याम नगर से यशोदा नगर के बीच लगातार दूसरे दिन फ्लाई ओवर पर खड़े वाहन के कारण बड़ा हादसा हुआ जिसमें दो की मौत हो गयी। प्रताप होटल के पास फ्लाई ओवर पर सड़क किनारे खड़े डंपर में ट्राला पीछे से घुस गया. जिससे एक चालक और परिचालक की मौत हो गई. हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया. मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से वाहनाें को किनारे करवाकर जाम खुलवाया. पुलिस ने दोनों मृतकों के परिजनों को सूचित किया.
हमीरपुर के मुस्करा बिहुनी निवासी 23 वर्षीय उदयभान गांव के ही परिचालक बबलू के साथ डंपर में ईंट लादकर लखीमपुर से मुस्करा जा रहे थे तभी फ्लाई ओवर पर श्याम नगर के आगे प्रताप होटल के पास डंपर में कुछ खराबी आ गई. इस पर उदयभान और बबलू नीचे उतरकर उसे ठीक कर रहे थे. तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्राला ने डंपर में टक्कर मार दी. जिससे डंपर के नीचे घुसकर काम कर रहे परिचालक बबलू की पहिये के नीचे कुचलकर मौत हो गई. वहीं पीछे से टक्कर मारने वाले ट्राला के चालक बिहार के रोहताश गोरारी तेंदुआ निवासी 44 वर्षीय उपेंद्र कुमार सिंह की भी मौत हो गई. हादसे के बाद फ्लाई ओवर पर लंबा जाम लग गया.
सूचना पर पहुंची चकेरी पुलिस ने हाईड्रा की मदद से क्षतिग्रस्त डंपर को हटवाने का प्रयास किया तो डंपर में बैठा चालक उदयभान भी हाईड्रा का तार टूटने से घायल हो गया. किसी तरह से पुलिस ने वाहनों को किनारे करवाकर जाम खुलवाया. थाना प्रभारी अशोक कुमार दुबे ने बताया कि कोहरे के चलते वाहनाें की भिड़ंत से हादसा हुआ है. क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाया गया है. मृतकों के परिजनों को सूचित कर शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
















Leave a Reply