कानपुर के जागेश्वर महादेव मंदिर में एक क्विनटल चांदी के गर्भगृह पर मुख्य द्वार का शिलान्यास महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक नीलिमा कटियार व एमएलसी अरुण पाठक ने विधि विधान के साथ किया. वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ मंदिर के पश्चिम द्वार में माता पार्वती रसोई की नींव रखी गई. कार्यक्रम में शामिल 101 वेदपाठी ब्राह्मणों का सम्मान किया गया.
मैनावती, आजाद नगर स्थित जागेश्वर मंदिर में श्री जागेश्वर महादेव प्रबंधक सभा की ओर से आचार्य उमेश दत्त शुक्ला, प्रमोद तिवारी, चंद्र प्रकाश त्रिपाठी ने विधि विधान से शिलान्यास संपन्न कराया. मुख्य अतिथि प्रमिला पांडेय ने कहा कि कानपुर में बाबा जागेश्वर, बनखंडेश्वर, आनंदेश्वर, सिद्धनाथ, पनकी वाले हनुमान दरबार की विशेष कृपा है. उन्होंने कहा कि, जागेश्वर मंदिर ऊंचाई पर स्थित होने के कारण बुजुर्गों को पहुंचने में काफी दिक्कत होती है, जिस कारण नगर निगम से 2 करोड़ रुपये मंदिर में लिफ्ट के लिए दिए थे, लेकिन कुछ परिस्थितियों के कारण लिफ्ट नहीं बन पाई जिसके बाद हैलट को वह पैसा दे दिया गया.
कल्याणपुर विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि, बैराज रोड से जागेश्वर मंदिर की ओर से प्रवेश करने वाले स्थान पर विधायक निधि से एक स्वागत द्वार का निर्माण कराया जाएगा. वहीं नगर निगम से स्वीकृति मिलने पर चिड़ियाघर चौराहे से जागेश्वर मंदिर जाने वाले स्थान पर भी द्वार तैयार किया जाएगा.
शिक्षक एमएलसी अरुण पाठक ने कहा कि समिति बहुत ही अच्छा कार्य कर रही है. उनकी ओर से मंदिर में सहयोग कर भक्तों के चेहरों पर मुस्कान लाने का प्रयास किया जाएगा.
कार्यक्रम के दौरान मंदिर के पूर्व पुजारी आचार्य गोपाल को श्रद्धांजलि अर्पित कर खिचड़ी भोज का आयोजन किया गया.
















Leave a Reply