बिधनू में 13 साल का बच्चा लापता: शौच के लिए निकला था, नहर किनारे मिली साइकिल

Spread the love

कानपुर के बिधनू थानाक्षेत्र के दलेलपुर गांव में मंगलवार सुबह एक छात्र रहस्यमय तरीके से लापता हो गया. लापता छात्र की पहचान दलेलपुर निवासी मजदूर रमेश के 13 वर्षीय बेटे रामकेश के रूप में हुई है. वह पास के निजी विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र है.

सुबह साढ़े पांच बजे रामकेश घर से शौच के लिए निकला था. काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर उसके छोटे भाई छोटू को उसे बुलाने भेजा गया. दलेलपुर पुल के पास करीब 400 मीटर दूर उसकी साइकिल खड़ी मिली. आवाज लगाने पर कोई जवाब नहीं मिला.

घटना की सूचना पर दो दर्जन से अधिक ग्रामीणों ने रस्सों के सहारे चार किलोमीटर तक तलाशी अभियान चलाया. बिधनू थाना प्रभारी जितेन्द्र प्रताप सिंह ने बताया कि गोताखोरों और पीएसी की मदद से नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू किया जाएगा.

क्षेत्र में लकड़बग्घे की मौजूदगी को देखते हुए आसपास की झाड़ियों में भी तलाश की जा रही है. यह गर्मी की छुट्टियों के बाद रामकेश का पहला स्कूल का दिन था. मां सुनीता ने बताया कि रामकेश पढ़ाई में होशियार था और पिछले साल चौथी कक्षा में दूसरा स्थान हासिल किया था. वह बिना किसी नाराजगी के सामान्य रूप से घर से निकला था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *