कानपुर में सुबह तेज बारिश: अभी 16 जुलाई तक मौसम ऐसा ही रहेगा, कई इलाकों में भरा पानी

Spread the love

कानपुर में शनिवार सुबह झमाझम बारिश हुई. कई इलाकों में पानी भर गया है. शहर में लोग वाहन खींचते हुए नजर आए. वहीं, नाले ओवर फ्लो होने के कारण बरसात का पानी सड़कों में भर गया.

शुक्र‌वार को रुक-रुक कर बारिश ने पूरे शहर को जलमग्न कर दिया था. अभी बादलों के छटने की कोई उम्मीद भी नहीं हैं. मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि अभी लगातार 4 दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने वाला है. छुटपुट बूंदा-बांदी के बीच बादल भी गरजेंगे.

घंटों जाम में फंसे रहे वाहन, उमस से परेशान: भले ही सुबह से बारिश शुरू हो गई हो, लेकिन बारिश के बंद होते ही उमस ने लोगों को खूब परेशान किया. शहर में जितनी देर बारिश होती रही, उतनी ही देर लोगों को राहत मिली. वहीं, कई इलाकों में पानी बंद होते ही जाम की स्थिति बन गई. भीषण उमस के बीच लोग परेशान देखने को मिले. घंटे लोगों की गाड़ियां जाम में फंसी रही.

अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री रहा: चंद्रशेखर आजाद कृषि विश्वविद्यालय, कानपुर के मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक प्रो. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32.5 डिग्री दर्ज किया गया हैं. वहीं न्यूनतम तापमान 26.0 डिग्री दर्ज किया गया. अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 91 प्रतिशत दर्ज की गई। इस कारण लोगों को उमस काफी सताती रही.

उत्तर से पूर्व की ओर चली हवा: प्रो. पांडेय ने बताया कि हवा की औसत गति 2.1 किमी/घंटा के हिसाब से चली. हवा का रुख उत्तर-पूर्व दिशा की ओर था. इसके साथ ही 24 घंटे के अंदर 1.6 मिली मीटर बारिश रिकॉर्ड की गई. शहर में अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग समय पर बारिश होती रही.

अभी 16 तक ऐसा ही रहेगा मौसम: मौसम पूर्वानुमान के अनुसार, आगामी 4 दिनों मे हल्के बादल रहने के कारण 12 से 16 जुलाई के मध्य तेज हवाओं, गरज, चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की से मध्यम वर्षा रहने की संभावना है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *