पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर में हो रही लगातार बारिश के कारण एक बड़ा हादसा होते-होते बचा. चौबेपुर थाना क्षेत्र के मरियानी गांव के पास रेलवे पटरी अचानक धंस गई, जिसके कारण कालिंदी एक्सप्रेस ट्रेन को बीच रास्ते में ही रोकना पड़ा. अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों में हड़कंप मच गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह से हो रही तेज बारिश के चलते रेलवे ट्रैक के नीचे की मिट्टी बह गई, जिससे पटरी का एक हिस्सा धंस गया. इसी दौरान दिल्ली से आ रही कालिंदी एक्सप्रेस इस मार्ग से गुजर रही थी. लोको पायलट की सूझबूझ और तत्काल ब्रेक लगाने से एक बड़ा हादसा टल गया.
आरपीएफ और अधिकारी मौके पर पहुंचे
ट्रेन के अचानक रुकने से अंदर बैठे यात्री घबरा गए. हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने तुरंत सूचना पाकर यात्रियों को स्थिति से अवगत कराया और सुरक्षा का आश्वासन दिया. रेलवे पुलिस बल और इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं. धंसी हुई पटरी की मरम्मत का काम शुरू कर दिया गया है.
















Leave a Reply