कानपुर के हर्ष नगर-दामोदर नगर में गरजा नगर निगम का बुलडोजर, दुकानें-फुटपाथ कब्जों से मुक्त कराए

Spread the love

कानपुर नगर आयुक्त के निर्देश पर शहर में व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाया गया. जोन-3 के वार्ड-83 दामोदर नगर में चन्द्रलोक गेस्ट हाउस के पास से 10 अस्थायी टिन शेड और ठेलिया हटाए गए. फुटपाथ पर रखे स्थायी जनरेटर और दीवार को हटाने का आदेश दिया गया.

जोन-चार की टीम ने हर्ष नगर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ एक बड़ा अभियान चलाया. जोनल अधिकारी राजेश सिंह के नेतृत्व में टीम ने सोमवार को दुकानों के बाहर किए गए कब्जों और फुटपाथों से अवैध निर्माण को हटाया. इस दौरान कई होर्डिंग और बैनर भी जब्त किए गए.

जोन-1 में परेड चौराहे से बड़ा चौराहा तक अभियान चलाया गया. इस दौरान 103 अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए. अतिक्रमणकर्ताओं से 1,000 रुपए का जुर्माना वसूला गया. साथ ही उन्हें दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई. शहर के सभी जोनों में अवैध विज्ञापन-पटों को हटाने का काम भी जारी है.

14 जुलाई 2025 को 350 क्यास्क, 66 बिल बोर्ड और 65 रोड क्रॉस बैनर सहित कुल 481 अवैध विज्ञापन-पट हटाए गए. अभियान के दौरान जोनल अधिकारी सी.पी. सिंह, जोनल अभियंता राजेश कुमार, कर अधीक्षक राजेन्द्र प्रसाद, राजस्व निरीक्षक विनोद भारद्वाज और पर्याप्त पुलिस बल मौजूद रहा. यह कार्रवाई महापौर और नगर आयुक्त सुधीर कुमार के निर्देश पर की गई, जिसका उद्देश्य शहरवासियों को जल भराव और जाम जैसी समस्याओं से निजात दिलाना है.

नगर निगम की टीम ने सख्ती से कार्रवाई करते हुए इन अवैध कब्जों को हटाया. जोनल अधिकारी राजेश सिंह ने बताया कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि शहर के विभिन्न हिस्सों को अतिक्रमण मुक्त किया जा सके. इस तरह के अभियानों से न केवल सार्वजनिक स्थानों पर आवाजाही आसान होती है, बल्कि शहर की व्यवस्था और सौंदर्य में भी सुधार आता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *