पुनीत शुक्ला, कानपुर।
कानपुर DM से भिड़ने वाले CMO डॉ. हरिदत्त नेमी ने आज 7 महीने में तीसरी बार पदभार संभाला है. सुबह 10 बजे वह ऑफिस पहुंचे तो स्टाफ के कई लोगों ने पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया. बातचीत में डॉ. नेमी ने कहा- मैंने शासन के आदेशों का पालन किया. विवाद से जुड़े सवालों पर उन्होंने ‘नो कमैंट्स प्लीज’ कहकर विराम दिया.
दरअसल, डॉ. हरिदत्त नेमी 16 दिसंबर 2024 को कानपुर CMO बनाए गए। 32 दिन पहले, 16 जून को डॉ. हरिदत्त नेमी को सस्पेंड कर लखनऊ मुख्यालय से अटैच कर दिया गया था. डॉ. उदयनाथ को कानपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी. इसके बाद डॉ. हरिदत्त नेमी इलाहाबाद हाईकोर्ट चले गए.
हाईकोर्ट ने डॉ. हरिदत्त नेमी का सस्पेंशन रद्द कर दिया. इसके बाद 8 जुलाई को दोबारा कार्यभार संभालने डॉ. हरिदत्त नेमी कानपुर ऑफिस पहुंचे. यहां CMO की कुर्सी पर बैठ गए. दो दिनों तक जमकर ड्रामा चला. फिर कानपुर पुलिस ने डॉ. हरिदत्त नेमी को ऑफिस से बाहर निकाल दिया था.

पदभार संभालने के बाद डॉ. हरिदत्त नेमी ने पूरे स्टाफ के साथ मीटिंग की.
14 जुलाई को डॉ. हरिदत्त नेमी ने फिर से निलंबन के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में अवमानना याचिका दायर की। कोर्ट ने 17 जुलाई को सुनवाई की तारीख तय की। इसके बाद राज्य सरकार बैकफुट पर आ गई। स्वास्थ्य विभाग के सचिव की तरफ से तबादला निरस्त करने का निर्देश जारी कर दिया गया। कानपुर से CMO डॉ. उदयनाथ को वापस श्रावस्ती CMO की जिम्मेदारी सौंप दी।

तस्वीर 8 जुलाई की है. डॉ. हरिदत्त नेमी कुर्सी पर बैठे हैं. इलाहाबाद हाईकोर्ट से स्टे लाने के बाद दोबारा जॉइन करने पहुंचे थे.
स्टे के बावजूद हटाए गए थे CMO, अब हाईकोर्ट में उठाया मुद्दा :डॉ. हरिदत्त नेमी ने हाईकोर्ट की लखनऊ बेंच में सरकार के फैसले के खिलाफ अवमानना याचिका दायर की. इसमें कहा कि उनके तबादले पर हाईकोर्ट के (स्टे) आदेश के बावजूद उन्हें जबरन हटाया गया. याचिका 14 जुलाई 2025 को दाखिल हुई और 15 जुलाई को पंजीकृत हो गई. याचिकाकर्ता डॉ. हरिदत्त नेमी ने प्रमुख सचिव स्वास्थ्य, डीएम कानपुर, एडीएम, एसीपी, थाना चकेरी एसएचओ और वर्तमान CMO कानपुर को पार्टी बनाया था. डॉ. नेमी के अधिवक्ता लालता प्रसाद मिश्रा ने कहा कि स्टे आदेश के बावजूद अधिकारियों ने तबादला लागू कराया. यह पूरी तरह से न्यायालय के आदेश की अवमानना है. यह न्यायिक आदेशों के सम्मान का सवाल है.
















Leave a Reply