कानपुर के सेन पश्चिम पारा थानाक्षेत्र के न्यू आजाद नगर गंगापुर में बहन के ससुराल में रह रही युवती ने फंदा लगाकर जान दे दी. घटना के दौरान मंगलवार सुबह घर पर कोई नहीं था. सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की. मूलरूप से बाराबंकी के ह्र्दयगढ़ निवासी ट्रक चालक सौरभ शुक्ला न्यूआजाद नगर गंगापुर में पत्नी शिवा व बेटी सान्या के साथ किराए पर रहते हैं.
दो साल से कन्नौज के छिबरामऊ अतरौली निवासी सौरभ की साली शिखा पांडेय (19) साथ में रह रही थी. सौरभ के अनुसार चार दिन पहले वह ट्रांसपोर्ट नगर से ट्रक लेकर अलीगढ़ गए थे. सोमवार सुबह पत्नी शिवा बेटी का आधार कार्ड बनवाने मायके अतरौली गई थी. घर पर साली शिखा अकेली थी. मंगलवार सुबह मकान मालिक ने शिखा को पानी भरने के लिए आवाज लगाई लेकिन कोई जवाब नहीं मिला.
दरवाजा न खुलने पर रोशनदान से देखा तो शिखा का शव पंखे के कुंडे से लटक रहा था. सूचना पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा. शिखा तीन बहनों में सबसे छोटी थी. सेनपश्चिम पारा थाना प्रभारी कुशलपाल सिंह ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है.
















Leave a Reply