यूपी में इस सीजन मानसून मेहरबान है. लगातार बारिश से नदियां और नाले उफान पर हैं. अमरोहा में 3 दिन की लगातार बारिश के बाद एक बाइक सवार पर जर्जर मकान ढह गया. हादसे में युवक गंभीर घायल हो गया. बताया जा रहा है कि आकिब मंसूरी नाम का युवक फर्राटे से बाइक लेकर निकल निकल रहा था कि अचानक गली के एक पुराने जर्जर घर की दीवार उनके ऊपर आ गिरी….मंसूरी को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया है.

लखनऊ, वाराणसी, प्रयागराज समेत 30 शहरों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. इसके चलते वाराणसी और बिजनौर में 12वीं तक, जबकि लखनऊ और जौनपुर में 8वीं तक स्कूल बंद कर दिए गए हैं. लगातार बारिश से लखनऊ एयरपोर्ट की छत टपकने लगी है. एयरपोर्ट प्रशासन ने कई जगह प्लास्टिक के टब रख दिए हैं.
जौनपुर में भारी बारिश के चलते रेस्टोरेंट पलभर में जमींदोज हो गया. गनीमत यह रही कि उस वक्त रेस्टोरेंट बंद था. गोंडा में घाघरा और सरयू नदियां उफान पर हैं. यहां नवाबगंज में सड़कों पर गर्दन तक पानी भर गया है। फसलें बर्बाद हो गई हैं. बच्चे नाव से स्कूल जा रहे हैं, वहीं ग्रामीण जान जोखिम में डालकर काम पर जाते नजर आए.
फर्रुखाबाद में गंगा नदी की बाढ़ की चपेट में 40 गांव हैं. शाहजहांपुर और शमशाबाद मार्ग पर 2 फीट पानी भरा हुआ है. पीलीभीत में बेटे के सामने पिता को एक मगरमच्छ बाढ़ के पानी में खींच ले गया. पुलिस तलाश कर रही है. वाराणसी में गंगा का जलस्तर हर घंटे 3 सेंटीमीटर घट रहा है.
गुरुवार रात गंगा का जलस्तर 71.24 मीटर दर्ज किया गया, जो अब खतरे के निशान से 4 सेंटीमीटर नीचे है. मौसम विभाग ने 42 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है. इनमें 8 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी है. पिछले 24 घंटे में 14.9 मिमी बारिश दर्ज की गई. वहीं, 1 जून से 8 अगस्त तक की बात करें तो यूपी में 457.2 मिमी बारिश हुई, जो मौसम विभाग के अनुमान 416.4 मिमी से 10% अधिक है. तस्वीरें देखिए
मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह ने कहा- पश्चिमी विक्षोभ की पछुआ हवा से हो रही प्रतिक्रिया के चलते बने हालातों के प्रभाव से प्रदेश में भारी से बहुत भारी बारिश जारी है. आगामी 24 घंटे तक बिना किसी विशेष परिवर्तन के ऐसा ही मौसम बना रहेगा.















Leave a Reply