UP के देवरिया जिले के लार में शनिवार को बाइक पर पेड़ गिरने से एक पिता और उनके पांच साल के बेटे की दर्दनाक मौत हो गई जबकि पत्नी और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हैं. एक ही बाइक से पूरा परिवार रक्षाबंधन पर पत्नी के मायके जा रहा था. हादसा, रामजानकी मार्ग पर पिपरा चौराहे के पास जायसवाल पेट्रोल पंप के सामने हुआ. मौके पर पहुंची पुलिस राहत और बचाव के काम में जुटी है.
देवरिया के मदनपुर थाना क्षेत्र के भिटहां गांव के रहने वाले संतोष चौहान (उम्र 37 वर्ष) पुत्र रामदास चौहान, शनिवार को अपनी पत्नी ममता देवी (उम्र 33 वर्ष) के मायके लार थाना क्षेत्र के राउतपार गांव जा रहे थे. बाइक पर इन दोनों के साथ बेटी शिवानी (उम्र 13 वर्ष), सोनाली (उम्र 8 वर्ष) और बेटा शिवा (उम्र 5 वर्ष) भी बैठा था
ये लोग नगर पंचायत लार के पिपरा चौराहे पर पहुंचे थे कि एक पुराना जंगली पेड़ जड़ से उखड़ कर एकाएक उनकी बाइक पर गिर गया. कोई कुछ समझ पाता इससे पहले ही पूरा परिवार पेड़ की चपेट में आ गया. परिवार बाइक समेत पेड़ के नीचे दब गया. हादसा देख आसपास मौजूद लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे. उन्हीं में से किसी ने पुलिस को भी हादसे की जानकारी दी. सूचना पर थोड़ी ही देर में पुलिस भी मौके पर पहुंच गई. इसके बाद संतोष और उनके परिवार को पेड़ के नीचे से निकालने की कोशिश होने लगी. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से लोगों को निकालने की कोशिश की. लेकिन पुलिस और स्थानीय लोगों की काफी कोशिशों के बावजूद भी पेड़ को नहीं हटाया जा सका.
इसके बाद जेसीबी मंगा कर पेड़ को हटाया गया. उसके नीचे दबे लोगों को निकालकर लार स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) भेजा गया. वहां डॉक्टरों ने जांच-पड़ताल के बाद संतोष चौहान और उनके पांच साल के बेटे शिवा को मृत घोषित कर दिया.















Leave a Reply