UP के संभल में चेहल्लुम के जुलूस में सांड़ ने आधे घंटे तक जमकर उत्पात मचाया. करीब 5 हजार लोगों की भीड़ के बीच दौड़ता रहा. सामने आने वाले कई लोगों को उठा-उठाकर पटका. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे.
सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी भी भाग खड़े हुए. सांड़ के हमले में 12 लोग घायल हो गए. एक युवक की हालत गंभीर है. घटना से जुड़ा 8 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें दिख रहा है कि सांड जुलूस के बीच दौड़ रहा है. लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भाग रहे हैं. सांड़ के हमले में घायल एक युवक को लोग गोद में उठाकर भाग रहे हैं. गंभीर रूप से घायल युवक को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना शुक्रवार शाम 4 बजे नक्खासा चौराहे की है.

सांड़ को देखकर मौके पर तैनात पुलिसकर्मी भी जान बचाकर भाग गए.
संभल में शुक्रवार को चेहल्लुम को जुलूस निकाला गया था. पूरे शहर में करीब 60 जुलूस निकले थे. प्रशासनिक गाइडलाइन के अनुसार, जुलूस निकलने का समय शाम 4 बजे से लेकर रात 10 बजे तक का था. सभी जुलूस शाम 4 बजे नक्खासा चौराहे पर पहुंचे और मातम कर रहे थे.
तभी एक सांड़ जुलूस के बीच में घुस गया. सांड ने लोगों पर हमला कर दिया. सांड़ को देखते ही भगदड़ मच गई. लोग इधर-उधर भागने लगे. सांड़ ने कई लोगों को उठा-उठाकर पटका. एक युवक के चेहरे पर सांड ने सींग मार दी जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. अन्य 12 लोगों को मामूली चोटें आई हैं. भीड़ के बीच सांड़ ने करीब आधे घंटे तक जमकर उत्पात मचाया. जिसके कारण जुलूस करीब आधे घंटे तक रुका रहा.















Leave a Reply