बस्ती में सिलेंडर लगाते समय गैस रिसाव से लगी भीषण आग, 7 बच्चों समेत 9 लोग झुलसे

Spread the love

UP में बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र के टेंगरिहा राजा गांव में शुक्रवार शाम एक बड़ा हादसा हुआ.   घर पर गैस सिलेंडर लगाते समय लीकेज से आग फैल गई. इस हादसे में सात बच्चों समेत नौ लोग गंभीर रूप से झुलस गए. इस दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया. सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल 8 लोगों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां पर उनका इलाज चल रहा है.

कैसे हुई ये घटना: बता दें कलवारी थाना क्षेत्र के टेंगरिहा राजा गांव में रामफल के घर पर सुरेमन गैस सिलेंडर लगाने गया था, सिलेंडर लगाने के बाद लीकेज चेक करते समय अचानक आग फैल गई जिसमें सुरेमन के अलावा सुमन, सिकंदर , रिते, खुशी, अंजली, नीरज, अंशिका, दिव्या गंभीर रूप से झुलस गए. स्थानीय लोगों ने किसी तरह से आग पर काबू पाया, जिसके बाद एम्बुलेंस को सूचना दी गई. सूचना पर पहुंची एंबुलेंस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा पहुंचाया.  घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद 8 लोगों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया जबकि घायल सुरेमन का इलाज स्वास्थ्य केंद्र पर चल रहा है.

रेगुलेटर में अचानक आग: सीओ प्रदीप तिवारी ने बताया कि घर के अंदर चूल्हे में गैस सिलेंडर फिट करते समय रेगुलेटर में अचानक आग लग गई, पास में एक महिला और 7 बच्चे गैस को फिट करते हॉकर को देख रहे थे. आग लगने की वजह से हॉकर, महिला और 7 बच्चे झुलस गए. महिला और 7 बच्चों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां पर सभी की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *