मुरादाबाद में भाजपा MLC गोपाल अंजन के बेटे ने अपनी बर्थडे पार्टी में बार में हंगामा किया. आरोप है कि उसने 10-12 दोस्तों के साथ बार में तोड़फोड़ भी की. सोमवार रात वह MLC के पीए सुमित कुमार और दोस्तों को लेकर बार में पार्टी करने पहुंचा.
करीब 2 घंटे तक पार्टी चली. पार्टी खत्म होने पर वेटर बिल लेकर पहुंचा. 10 हजार रुपए से ज्यादा का बिल देख भाजपा MLC का बेटा भड़क गया और हंगामा शुरू कर दिया. कहा- मैं विधायक का बेटा हूं, बिल नहीं देता. फूड इंस्पेक्टर को फोन करके दो मिनट में बार बंद करा दूंगा.
इसके बाद बिल को लेकर MLC के बेटे क्षितिज और बार स्टाफ के बीच कहासुनी हो गई. बार संचालक ने मुरादाबाद के मझोला थाने में तहरीर दी है. घटना के CCTV भी पुलिस को दिए गए हैं. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज नहीं किया है. स्पाइस लाउंज बार एंड रेस्टोरेंट दिल्ली रोड पर मझोला थाना क्षेत्र में साईं हॉस्पिटल के पास है. गोपाल अंजन परिवार के साथ नया मुरादाबाद में रहते हैं.
बार मैनेजर मिथुन ने बताया- MLC के बेटे ने आते ही हुक्का की डिमांड की, लेकिन बार में हुक्का उपलब्ध नहीं था. ऐसे में उसे मना कर दिया गया. इसके बाद उसने बीयर और चिकन मंगाया. अन्य डिश भी ऑर्डर किए। पार्टी के बीच में फिर से हुक्का की डिमांड की. इनकार करने पर खरी-खोटी सुनाने लगा. करीब 2 घंटे तक उसने पार्टी की. पार्टी खत्म होने पर वेटर बिल लेकर पहुंचा। 10 हजार रुपए से ज्यादा का बिल देख MLC के बेटे और उनके पीए का पारा हाई हो गया. MLC के बेटे ने हंगामा शुरू कर दिया. शांत कराने की कोशिश पर उन्होंने मारपीट शुरू कर दी. खींचतान में वेटर के कपड़े भी फट गए.
इसके बाद MLC के पीए ने फूड इंस्पेक्टर को फोन मिलाया और बार व रेस्टोरेंट की चेकिंग करके बंद करने के निर्देश दिए. फूड इंस्पेक्टर से बिल ज्यादा लेने की शिकायत भी की. इसके बाद किसी अधिकारी का फोन बार मैनेजर के पास आया. इसके बाद MLC का बेटा यह धमकी देते हुए चला गया कि सुबह 4 बजे तक तुम्हारा बार बंद हो जाएगा.
MLC ने आरोपों को गलत बताया, कहा- बेटे ने बिल जमा कर दिए थे बार में तोड़फोड़ और हंगामे की सूचना पर बार संचालक रोहित सूरी भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने मझोला थाने जाकर मैनेजर की तरफ से तहरीर पुलिस को दी. मामले में MLC गोपाल अंजन ने कहा- मेरे बेटे का ऑपरेशन हुआ है. उसे स्टेंट पड़ा है. जन्मदिन पर वह दोस्तों संग रेस्टोरेंट गया था. पार्टी का 11 हजार रुपए बिल आया, जिसे बेटे ने जमा कर दिया. इसके बावजूद आरोप-प्रत्यारोप की बातें सामने आईं तो बार संचालक से बात की. उन्होंने कहा कि ऐसी कोई बात नहीं हुई. अनावश्यक मामले को तूल दिया जा रहा है.















Leave a Reply