UP में वाराणसी जिले के सारनाथ में सनसनीखेज वारदात सामने आई है. अरिहंत नगर कॉलोनी में गुरुवार सुबह करीब नौ बजे 50 वर्षीय कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बाइक सवार नकाबपोश तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों ने चार गोली चलाई, जिसमें से तीन गोली कालोनाइजर के बाएं तरफ गर्दन में लगी है. वादात के बाद इलाके में दहशत फैल गई.

पुलिस को सरेआम हुई हत्या की सूचना दी गई. घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंच गई है. पुलिस जांच-पड़ताल कर रही है. बताया जा रहा है कि बुद्धा नगर कॉलोनी निवासी महेंद्र गौतम बड़े कालोनाइजर थे. उन्होंने अरिहंत नगर कॉलोनी भी विकसित की थी. इसी कालोनी के फेज 2 में उनकी ऑफिस भी है. रोज की तरह वह अपनी बाइक से गुरुवार सुबह भी ऑफिस के लिए निकले थे.
जानकारी के अनुसार ऑफिस से करीब 150 मीटर पहले ही पीछे से बाइक सवार तीन बदमाश उनके पास पहुंचे. पास आते ही पीछे बैठे मुंह बांधे दो बदमाशों ने महेंद्र गौतम पर फायरिंग कर दी. बदमाशों ने उनपर चार राउंड गोली चलाई. तीन गोली गर्दन में लगते ही महेंद्र गौतम मौके पर ही गिर गए. फायरिंग के बाद आरोपी वहां से फरार हो गए.
गोलियों की आवाज सुनकर आस-पास के लोग जमा हुए और पुलिस को जानकारी दी. सूचना पर सारनाथ पुलिस पहुंची. महेंद्र गौतम को मलदहिया स्थित निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि हत्या के बाद बदमाश असलहा लहराते हुए रिंग रोड की ओर भाग निकले. किसी बड़ी प्रापर्टी के विवाद में हत्या की आशंका जताई जा रही है.















Leave a Reply