ग्रेटर नोएडा दहेज हत्याकांड में सास भी गिरफ्तार, पति विपिन भाटी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में

Spread the love

ग्रेटर नोएडा में निक्की हत्याकांड मामले में पुलिस ने बड़ा ऐक्शन लिया है. पति विपिन के बाद अब सास दयावती को भी गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने इस मामले में पति के अलावा सास, ससुर और विपिन के भाई के खिलाफ केस दर्ज किया था. जानकारी के मुताबिक निक्की की सास दयावती जिम्स अस्पता के पास से पकड़ी गई है. उधर विपिन को भी 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है.

मीडिया की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने बताया कि रविवार को दयावती अस्पताल में भर्ती अपने बेटे विपिन को देखने जा रही थी, इसी दौरान पुलिस ने उसे पकड़ लिया. विपिन आज पुलिस एनकाउंटर में घायल हो गया था. उसने पुलिस कस्टडी से भागने की कोशिश की थी जिसके बाद पुलिस को मजबूरन उस पर गोली चलानी पड़ी. गोली उसके पैर में लगी। वह फिलहाल जिम्स अस्पताल में भर्ती है.

विपिन पर आरोप है कि उसने निक्की भाटी को बेरहमी से मारकर उसकी हत्या कर दी थी. निक्की की बहन कंचन की शिकायत पर केस दर्ज हुआ था जिसके बाद से पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई थी. सोशल मीडिया पर घटना के कई वीडियो वायरल हो हुए. इनमें से एक में विपिन निक्की के बाल पकड़कर घसीटता नजर आ रहा है.

जानकारी के मुताबिक विपिन ने उसके 8 साल के बेटे के सामने ही पीट-पीटकर उसे आग के हवाले कर दिया. एक वीडियो में बच्चे का बयान भी सामने आया है. बच्चे ने कहा, पापा ने मम्मी को चाटा मारा और फिर कुछ डालकर लाइटर से आग लगा दी. निक्की की बहन कंचन ने बताया कि उसकी और निक्की की शादी साल 2016 में एक ही घर में हुई. निक्की की शादी विपिन और कंचन की शादी उसके भाई रोहित से हुई थी.

शादी में एसयूवी दी गई थी लेकिन इसके बावजूद उनकी दहेज की मांग खत्म नहीं हुई. इसके बाद उन्हें एक और गाड़ी दी गई. फिर उन्होंने 35 लाख रुपए की मांग की. इसके लिए वह निक्की को प्रताड़ित करते थे. कंचन ने बताया कि गुरुवार की रात को विपिन ने निक्की को मारा फिर पेट्रोल डालकर उसे आग लगा दी. आनन फानन में उसे ग्रेटर नोएडा के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे सफदरजंग के अस्पताल रेफर कर दिया गया. निक्की के पिता ने बताया कि वहां भी डॉक्टरों ने जवाब दे दिया और उसे वापस ले जाने के लिए कहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *