बुलंदशहर में कंटेनर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को मारी टक्कर, 9 श्रद्धालुओं की मौत; राजस्थान के गोगामेड़ी जा रहे थे

Spread the love

UP के बुलंदशहर में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली को कंटेनर ने पीछे से टक्कर मार दी. इससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई. हादसे में मां बेटे सहित 9 श्रद्धालुओं की मौत हो गई. 42 घायल हैं। इनमें से 3 की हालत नाजुक है. हादसा रात 2 बजे नेशनल हाईवे-34 पर हुआ है.

मृतकों में 6 साल का बच्चा, 5 पुरुष और 3 महिलाएं शामिल हैं. हादसा रविवार रात 2 बजे नेशनल हाईवे 34 पर अरनिया क्षेत्र के घटाल गांव के पास हुआ. श्रद्धालु कासगंज से जाहरबीर (गोगाजी) के दर्शन के लिए राजस्थान के गोगामेड़ी जा रहे थे.

पुलिस का कहना है कि श्रद्धालुओं ने ट्रॉली को डबल डेकर बना दिया था. ट्रॉली के बीच में लकड़ी लगाकर उसे दो हिस्सों में बांट दिया गया था, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग बैठ सकें. मुख्यमंत्री ने मृतक के परिवारों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार आर्थिक सहायता देने के निर्देश दिए.

हादसे की सूचना मिलते ही डीएम श्रुति और SSP दिनेश कुमार सिंह मौके पर पहुंच गए. SSP ने बताया- 10 घायलों को बुलंदशहर जिला अस्पताल में और 23 को खुर्जा अस्पताल में भर्ती किया गया है. 10 घायलों को अलीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है. कंटेनर का ड्राइवर फरार हो गया. कंटेनर में धान की भूसी भरी थी. हाईवे से ट्रैक्टर को हटाकर यातायात फिर से चालू करा दिया गया है.

मरने वाले सभी कासगंज के: मृतकों की पहचान कासगंज निवासी ईपू बाबू (40) रामबेटी (65), चांदनी (12) धनीराम (40), मोक्षी (40) शिवांश (6), योगेश (50), लेखराज (40) और विनोद (45) के रूप में हुई है.

घायल राजकुमार ने बताया- ट्रैक्टर बहुत धीरे-धीरे चल रहा था. हम लोग नींद में थे। बच्चे भी सब सो गए थे, तभी अचानक पीछे से कंटेनर ने टक्कर मार दी. इतनी जल्दी क्या हो गया, किसी को समझ में नहीं आया. बच्चे दर्द से चीख रहे थे. कुछ लोगों की तो मौके पर ही मौत हो गई थी. जहां हादसा हुआ, वहां कोई मोड़ भी नहीं था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *