पुनीत शुक्ला, कानपुर.
कानपुर में बुधवार रात तीन बाइकों पर सवार छह से अधिक बदमाशों ने एक युवक पर छह राउंड फायरिंग की। गोलियों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए. बदमाशों ने उन्हें धमकाकर अंदर भेज दिया. घर के बाहर देशी बम भी फोड़े. इससे एक महिला घायल हो गई.
करीब 15 मिनट तक इलाके में दहशत फैलाने के बाद बदमाश मौके से भागने लगे. इस दौरान लोगों ने एक युवक को पकड़ लिया. पूरी घटना घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है.

आसपास के लोगों ने एक युवक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा.
4-5 दिन पहले हुआ था विवाद: पनकी नौरैयाखेड़ा के रहने वाले जीतू सिंह चौहान ने बताया कि 4-5 दिन पहले मेरे छोटे भाई का पनकी के रहने वाले अभय यदुवंशी से झगड़ा हो गया था. इसके बाद मैंने समझौता करा दिया था. समझौता होने के बावजूद अभय और उसका साथी मेरे छोटे भाई को धमका रहा था. जीतू ने बताया कि बुधवार रात वह लाइब्रेरी में थे। रात करीब 2 बजे तीन बाइक सवार 6 युवक घर आए और गाली गलौज शुरू कर दी.
जीतू सिंह ने कहा- बाइक से उतरकर तीन बदमाश मेरे घर के नीचे पहुंचे और एक के बाद एक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की आवाज सुनकर आसपास के लोग बाहर निकले तो बाइक सवार बदमाशों ने जान से मारने की धमकी दी. जिससे सहम कर लोग घरों में चले गए.
छर्रे लगने से महिला घायल: मोहल्ले में स्थापित गणेश प्रतिमा पंडाल में सो रही जीतू की बहन नेहा ने विरोध किया, तो बेखौफ बदमाश भागते हुए पहुंचे और देशी बम मार कर फरार हो गए। देशी बम के छर्रे नेहा के हाथ में लगने से वह घायल हो गई. जीतू ने बताया कि अभय का बड़ा भाई बीते 15 सालों से जेल में बंद है. वह इलाके में कई बार फायरिंग की घटनाओं को अंजाम दे चुका है.
पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. 1 मिनट 25 सेकेंड के सीसीटीवी फुटेज में बदमाश एक के बाद एक 6 फायर झोंकते हुए दिख रहे है. गुरुवार सुबह आसपास के लोगों ने एक युवक को पकड़ कर पुलिस को सौंपा है. गोविंद नगर इंस्पेक्टर प्रदीप सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है, जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी होगी.
















Leave a Reply