UP में अपराधियों के खिलाफ पुलिस लगातार सख्ती बरत रही है, लेकिन इसके बावजूद बदमाश आए दिन वारदात को अंजाम देकर कानून-व्यवस्था को चुनौती देते नज़र आते हैं. ताज़ा मामला बुलंदशहर के थाना नरसेना क्षेत्र का है, जहां बीती रात हथियारबंद बदमाशों ने ज्वेलर्स पिता-पुत्र को निशाना बनाकर बड़ी लूट को अंजाम दिया और फरार हो गए. बुलंदशहर पुलिस ने अमरोहा पुलिस के साथ मिलकर कई टीमों का गठन किया है और बदमाशों की तलाश तेज कर दी है.
क्या है पूरा मामला: जानकारी के अनुसार, पीड़ित पिता-पुत्र मूल रूप से थाना बुगरासी क्षेत्र के रहने वाले हैं और वहीं आभूषण की दुकान करते हैं. हर शुक्रवार को स्थानीय बाजार बंद रहने के कारण वह जिला अमरोहा स्थित एक गांव में अपने नए प्रतिष्ठान पर व्यापार करने जाते हैं. बीते शुक्रवार भी दोनों वहां गए थे और पहली बार नए प्रतिष्ठान पर बैठकर कारोबार किया. पूरे दिन का काम निपटाने के बाद देर शाम जब वह लौट रहे थे, तभी नरसेना क्षेत्र में बदमाशों ने उन्हें घेर लिया.
पीड़ितों के अनुसार, पीड़ित पुत्र के अनुसार, अचानक पीछे से आए तीन बदमाशों ने उनकी गाड़ी को ओवरटेक कर रोक लिया. इसी बीच आगे से दो और बदमाश निकलकर आ गए. पांचों बदमाश हथियारों से लैस थे और उन्होंने पिता-पुत्र को जान से मारने की धमकी दी. डर के माहौल में व्यापारी पिता-पुत्र ने अपने पास रखा बैग उन्हें सौंप दिया. इस बैग में करीब 15 किलो चांदी, 300 ग्राम सोना और 20,000 रुपये नकद मौजूद थे. बैग हासिल करने के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए उसी रास्ते से फरार हो गए.
प्रशासन की कार्रवाई: घटना की जानकारी मिलते ही बुलंदशहर के एसएसपी दिनेश सिंह समेत पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ितों से बातचीत की. एसएसपी ने बताया कि बदमाशों को व्यापारियों की आवाजाही की पूरी जानकारी थी, जिससे साफ है कि उनकी पहले से रैकी की गई थी. इसीलिए बदमाशों ने अंधेरे में वारदात को अंजाम देने के लिए रणनीति बनाई थी.
फिलहाल बुलंदशहर पुलिस ने अमरोहा पुलिस के साथ मिलकर कई टीमों का गठन किया है और बदमाशों की तलाश तेज कर दी है.अधिकारियों का कहना है कि शीघ्र ही इस घटना का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा















Leave a Reply