कानपुर में बेटी का बर्थ-डे सेलिब्रेट करने गए बैंक मैनेजर के घर से चोरों ने 25 लाख के कैश और जेवरात चोरी कर लिए. परिवार के लोग घर लौटे तो चोर उनके सामने ही तमंचा लहराते हुए छत के रास्ते भाग निकले. अंदर जाकर देखा तो अलमारी के लॉकर टूटे थे और ज्वैलरी-कैश गायब था.
रतनलाल नगर के रहने वाले इंद्रप्रीत चावला सिविल लाइंस स्थित इंडसइंड बैंक में मैनेजर हैं. परिवार में मां अमरजीत चावला, पत्नी डॉली व बेटी अहाना चावला हैं. इंद्रप्रीत ने बताया- 7 अगस्त को बेटी का 10वां बर्थडे था. इसे सेलिब्रेट करने के लिए वह 6 अगस्त की रात रतनलाल नगर गुरुद्वारे के पास रात 9:30 बजे अपने दूसरे घर गए हुए थे.
इंद्रप्रीत ने बताया- रात करीब 1:10 बजे मेनगेट का ताला खोलकर वह अंदर पहुंचे तो पूरे कमरे में लाइटें जल रही थीं. जैसे ही मैं अंदर की ओर गया वैसे ही 2 चोर भागने लगे. पकड़ने का प्रयास किया तो चोर छत के रास्ते से पड़ोसी की छत पर कूद कर भाग निकले.

चोरी के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान.
इंद्रजीत ने बताया- चोरों ने मां अमरजीत की अलमारी में रखी सोने की चूड़ी, 4 जोड़ी सोने के कड़े, 5 अंगूठी, 4 चेन, पेंडेंट, 2 छोटे टॉप्स, 4 जोड़ी बड़े टाप्स, 12 चांदी के सिक्के, 40 हजार कैश समेत करीब 25 लाख का माल पार कर दिया.
सूचना पर मौके पर पहुंची गोविंद नगर पुलिस ने जांच पड़ताल कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें दो चोर कैद हो गए. पुलिस ने पीड़िता अमरजीत चावला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया.
थाना प्रभारी प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से शातिर चोरां की तलाश की जा रही है. जल्द ही चोरी का खुलासा करके चोरों को जेल भेजा जाएगा.
















Leave a Reply