इंसान को सभी जीव जंतुओं में सबसे बुद्धिमान माना जाता है.लेकिन यह बात सिर्फ किताबों में ही रह गई है. आधुनिक समय में कुछ जानवर और पशु पक्षियों से भी बदतर हो गए हैं. अक्सर आपने देखा होगा कि घरों के ऊपर लगी पानी की टंकी में घुसकर बंदर या पक्षी नहाने लगते हैं जिससे पानी दूषित हो जाता है. लेकिन ललितपुर में तो कुछ युवक जानवरों से भी परे निकले.
100 फीट ऊपर टंकी में नहाए: ललितपुर जिले में जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकी पर करीब 100 फीट ऊपर चढ़कर युवक टंकी में घुस गए और नहाने लगे और पूरी टंकी का पानी दूषित कर दिया. युवकों के नहाने का वीडियो किसी ने दूर से बना लिया जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. मामला सदर तहसील अंतर्गत रजवारा ग्राम का है. इसी पानी की टंकी से ग्रामीण क्षेत्रों में पीने का पानी सप्लाई किया जा रहा है.
सुरक्षा को लेकर सवाल: इस वायरल वीडियो से पानी की टंकी के सुरक्षा को लेकर एक सवाल खड़ा हो रहा है. जहां पानी की टंकी से आम लोगों को पीने के लिये पानी की सप्लाई की जाती है. अगर उसी पानी की टंकी के ऊपर चढ़कर सरेआम पानी को गंदा करते हुये नहाने का जब वीडियो सामने आ सकता है तो कोई भी असमाजिक और आपराधिक व्यक्ति किसी भी तरह की घटना को भी अंजाम दे सकता है, जो एक गम्भीर सवाल खड़ा करता है. वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक युवक पानी की टंकी पर चढ़कर पहले 100 फीट ऊपर नहाता है फिर टॉवल से अपने कपड़ों को भी बदल रहा है.
वीडियो वायरल होने के बाद लोग इन युवकों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं और साथ ही यह भी मांग हो रही है कि पानी की टंकी की सुरक्षा के लिए गार्ड की व्यवस्था होनी चाहिये ताकि कोई असमाजिक तत्व या इस तरह के सिरफिर युवक पानी की टंकी पर न चढ़ सकें.















Leave a Reply