लखनऊ में CM आवास के पास जहर खाया, मौत; मरने से पहले कहा- बिजली विभाग से परेशान हूं

Spread the love

लखनऊ में सीएम आवास से 100 कदम दूर जहर खाने वाले युवक की मौत हो गई है. वह शुक्रवार सुबह 9:20 बजे लामार्ट्स चौराहे पर पहुंचा. पुलिस को चिल्लाकर बताया- उसने जहर खा लिया है.

पुलिसकर्मी युवक को लड़खड़ाता देखकर घबरा गए. उसे तुरंत सिविल हॉस्पिटल ले गए. वहां उसे एडमिट कराया. डॉक्टरों ने उसका ट्रीटमेंट शुरू किया. ढाई घंटे बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मृतक की पहचान बुलंदशहर के तातारपुर के रहने वाले अजय के रूप में हुई. मरने से पहले अजय ने पुलिस को बताया था- वह बिजली विभाग से परेशान है. मजबूर होकर उसने सल्फास खा लिया.

सिविल हॉस्पिटल के इमरजेंसी वार्ड में युवक को भर्ती कराया गया. ढाई घंटे के बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.

ट्रांसफॉर्मर फूंका तो विभाग ने ठीक नहीं कराया: पुलिस के मुताबिक, अजय ने पूछताछ में बताया था- 2014 में आटा चक्की लगाई थी. कुछ महीने पहले ट्रांसफॉर्मर फुंक गया. उसने विभाग से शिकायत की तो ट्रांसफॉर्मर बदलवा दिया, लेकिन नया ट्रांसफॉर्मर एक घंटा भी नहीं चल पाया. दोबारा ट्रांसफॉर्मर जल गया तो बिजली विभाग के अफसरों ने अब तक ट्रांसफॉर्मर नहीं बदला. वह बार-बार विभाग के चक्कर काट रहा. इसके बावजूद उसका काम नहीं हो पा रहा. विभाग के कर्मचारी उससे खर्चा मांग रहे. बिजली विभाग के अफसर ट्रांसफॉर्मर ठीक कराने के लिए के लिए 70% खर्चा मांग रहे. बिजली विभाग की तरफ से एक एस्टीमेट बनाया गया, जिसमें मुझसे कहा गया कि ट्रांसफॉर्मर ठीक करने का 70% भुगतान आपको करना होगा, तभी नया ट्रांसफॉर्मर लग पाएगा. इससे आहत होकर शुक्रवार सुबह मैं सीएम से जनता दरबार में मिलने के लिए लखनऊ आया.

बुलंदशहर में मृतक के घर पुलिस पहुंची है. परिजनों से पूछताछ कर रही है.

बुलंदशहर के विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता सुरजीत सिंह ने कहा- मामले की जांच कराई जा रही है. यह उपभोक्ता मुझसे सीधे कभी नहीं मिला. विभाग यह पता लगा रहा है कि किस अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही से ट्रांसफॉर्मर की समस्या हल नहीं हुई. दोषी पाए जाने पर संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *