बर्रा में देर रात 4 संदिग्धों व एक महिला की चहल कदमी से हड़कंप, महिला को खंभे में बांधकर पीटा

Spread the love

कानपुर के बर्रा थाना क्षेत्र के इलाके में शनिवार रात हड़कंप मच गया. बर्रा-7 इलाके में एक महिला और चार युवक संदिग्ध परिस्थितियों में घूमते हुए देखे गए. स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात लगभग 3 बजे के आसपास पांचों लोग बिना किसी वजह के घूम रहे थे.

कुछ देर बाद सभी एक खाली पड़े प्लॉट के अंदर घुस गए और उसके बाद उन्होंने बगल के मकान की छत पर जाने का प्रयास किया. यह देखकर आसपास के लोगों को शक हुआ और उन्होंने शोर मचाना शुरू कर दिया.

मौके से चारों युवक फरार हो गए: शोर सुनते ही चारों युवक मौके से भाग निकले लेकिन महिला को लोगों ने पकड़ लिया. पकड़ी गई महिला ने अपना नाम सोनी बताया. वो मर्दानपुर की रहने वाली है. घटना के बाद इलाके में बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. गुस्साए लोगों ने महिला को खंभे से बांध दिया और उसकी पिटाई कर दी. साथ ही इसकी सूचना पुलिस को दे दी.

मौके पर पहुंची पुलिस: जानकारी मिलते ही बर्रा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह भीड़ को शांत कराया. पुलिस ने महिला को अपनी हिरासत में लेकर थाने भेज दिया. फिलहाल पुलिस फरार युवकों की तलाश कर रही है. स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में कई दिनों से बाहरी लोगों की आवाजाही बढ़ी है और इस वजह से आए दिन चोरी-छिपे घटनाओं की आशंका बनी रहता है. लोगों ने आशंका जताई कि महिला और युवक किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे.

CCTV फुटेज खंगाले रही पुलिस: बर्रा थाना पुलिस का कहना है कि महिला से पूछताछ की जा रही है और उसकी आपराधिक गतिविधियों में संलिप्तता की जांच की जाएगी. साथ ही फरार युवकों की पहचान करने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें.

इस घटना से इलाके में दहशत का माहौल है. वहीं लोग अब रात्रि गश्त और चौकसी बढ़ाने की मांग कर रहे हैं, जिससे इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *