कानपुर में गुरुवार शाम गली में टहलने निकले 68 साल के बुजुर्ग को गाय ने दौड़ा लिया. बुजुर्ग भागने की कोशिश किए लेकिन भाग नहीं पाए। उनको सींग मारकर गिरा दिया और फिर पैरों से कुचलने लगी. बुजुर्ग को तड़पता देख आसपास के लोग डंडा लेकर दौड़े.
डंडा से लोग गाय को भगाने लगे लेकिन गाय लगातार उनको पैरों से कुचलती रही. करीब एक मिनट तक वह पैर मारती रही. किसी तरह लोगों ने बुजुर्ग को वहां से खींचकर बचाया. घायल बुजुर्ग को लोगों ने अस्पताल पहुंचाया. उनकी हालत नाजुक है. पूरी घटना एक CCTV कैमरे में कैद हो गई. यह घटना कानपुर के कल्याणपुर के अंबेडकर पुरम सेक्टर-4 की है.

लोगों ने किसी तरह से बुजुर्ग को बचाकर ई-रिक्शा पर अस्पताल ले गए, जहां उनका इलाज चल रहा है.
68 वर्षीय राजीव राव अपनी पत्नी सरला के साथ कानपुर में छोटे बेटे अनुज राव के परिवार के साथ रहते हैं. बड़ा बेटा परिवार के साथ दिल्ली में रहता है. गुरुवार की शाम करीब 6 बजे राजीव राव टहलने निकले थे। घर से करीब 200 मीटर दूर ही पहुंचे थे कि सामने से आ रही एक गाय ने दौड़ा लिया. गाय के हमले से बचने के लिए बुजुर्ग भागे लेकिन गाय ने छोड़ा नहीं.
उसने पीछे से सींग मारकर उनको गिरा दिया। फिर वह बुजुर्ग को सींग और पैर मारने लगी. करीब एक मिनट तक वह लगातार सींग मारती और पैरों से कुचलती. गाय के हमले से असहाय बुजुर्ग ने शोर मचाया. आसपास के कुछ लोग डंडा लेकर दौड़े. गाय को मारने लगे लेकिन वह बुजुर्ग पर लगातार हमले कर रही थी.
डंडे का भी असर नहीं होने पर लोगों ने किसी तरह बुजुर्ग के पैर पकड़कर खींचकर वहां से निकाला. गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को लोगों ने ई-रिक्शा से अस्पताल पहुंचाया. उनकी हालत नाजुक बतायी जा रही है. उधर, बेकाबू हो चुकी गाय के बारे में लोगों ने नगर निगम को सूचना दी। नगर निगम की टीम ने किसी तरह गाय को काबू में किया.
















Leave a Reply