झांसी में पत्नी को झांसा दे अपने ही तीन साल के बेटे का किडनैप कर फरार हुआ पिता

Spread the love

झांसी: झांसी के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के गोपालगंज में शनिवार को एक हैरान करने वाली घटना सामने आई.यहां एक पिता ने अपने ही 3 साल के बेटे को  किडनैप कर लिया. चेहरे पर कपड़ा बांधकर आया आरोपी पिता अपने दो साथियों के साथ ससुराल पहुंचा और मौके का फायदा उठाकर मासूम को लेकर फरार हो गया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

पत्नी को झांसा देकर रचा अपहरण का खेल: जानकारी के अनुसार, आरोपी रमन अपने दो दोस्तों के साथ ससुराल पहुंचा. उस समय उसकी पत्नी वर्षा जोशी दुकान पर बैठी थी. रमन के साथी ने पहले उससे गुटखा लिया और फिर पानी मांगा. जैसे ही वर्षा पानी लेने छत पर गई, साथी ने इशारा करके रमन को बुला लिया. रमन मौके पर पहुंचा और अपने 3 साल के बेटे को गोद में उठाकर बाइक से फरार होने लगा.

पत्नी ने रोका, पर नहीं बचा सकी बेटा: जब वर्षा छत से नीचे आई तो बच्चे को उठाकर भागते देख उसके पीछे दौड़ी और रमन का हाथ पकड़ने की कोशिश की. लेकिन आरोपी बाइक की रफ्तार बढ़ाकर बच्चे को लेकर भाग निकला.  इस दौरान उसके दोनों साथी मौके पर ही रह गए.

भीड़ ने पकड़े दोनों साथी: वर्षा के शोर मचाने पर आसपास के लोग जुट गए और दोनों साथियों को पकड़कर पुलिस को सौंप दिया. घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया.

पुलिस की कार्रवाई, टीम पंजाब रवाना: मामले की गंभीरता देखते हुए पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. साथ ही बच्चे को बरामद करने के लिए एक टीम को पंजाब भेजा गया है, जहां आरोपी के छिपे होने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया जाएगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *