कानपुर: नरवल थाना क्षेत्र के बेहटा गांव में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई. छोटे भाई ने शराब पीने को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई की लोहे के गड़ासे से गर्दन काटकर निर्मम हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया. घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई.

शराब को लेकर हुआ विवाद: मृतक सर्वेश (30) पेशे से ट्रक चालक था. शनिवार सुबह वह घर आया और नशे में धुत था. इसी दौरान घर में मौजूद छोटे भाई पीयूष से उसकी कहासुनी होने लगी. पीयूष ने सर्वेश को शराब पीने से मना किया, लेकिन विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में छोटे भाई ने लोहे के गड़ासे से बड़े भाई पर हमला कर दिया. गर्दन पर वार लगने से सर्वेश की मौके पर ही मौत हो गई.
घर में अकेले थे भाई: घटना के समय पिता नेकपाल अपनी प्राइवेट नौकरी पर गए हुए थे, जबकि मां रामकांति खेतों में काम कर रही थीं. मंझला बेटा रवि गांव के दूसरे मोहल्ले में मौजूद था. घर पर केवल सर्वेश और छोटा भाई पीयूष ही थे. विवाद के दौरान आसपास के लोग जब तक पहुंचे, सर्वेश खून से लथपथ जमीन पर गिर चुका था और पीयूष मौके से फरार हो गया.

परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल: घटना की खबर मिलते ही मां रामकांति और अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तो सर्वेश का शव जमीन पर पड़ा मिला. मृतक के परिवार में कोहराम मच गया. पिता नेकपाल ने बताया कि उनका बड़ा बेटा सर्वेश अक्सर शराब पीकर परिवार में विवाद करता था. शनिवार को इसी बात को लेकर छोटी सी कहासुनी खूनखराबे में बदल गई.
पुलिस जांच में जुटी: गांव में फैली सनसनी के बीच ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची नरवल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आरोपी छोटे भाई पीयूष की तलाश शुरू कर दी है. थाना प्रभारी ने बताया कि आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है.
















Leave a Reply