कानपुर: कानपुर एयरपोर्ट पर एक अजीबोगरीब वाकया देखने को मिला. दिल्ली जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट में अचानक चूहा दिखने से हड़कंप मच गया. घटना के चलते विमान की उड़ान करीब तीन घंटे तक टल गई और 140 से अधिक यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी.
जानकारी के मुताबिक, दोपहर 2:15 पर इंडिगो की फ्लाइट दिल्ली से कानपुर पहुंची थी और इसे 2:55 पर वापसी में उड़ान भरनी थी. यात्री विमान में बैठ चुके थे और टेकऑफ की तैयारियां चल रही थीं. तभी एक यात्री की नजर विमान के अंदर घूम रहे चूहे पर पड़ी. उसने शोर मचाया तो देखते ही देखते पूरी फ्लाइट में अफरातफरी मच गई. यात्री चीखने लगे और कुछ अपनी सीटों से उठ खड़े हुए.
डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चूहा पकड़ में आया: स्थिति को देखते हुए क्रू मेंबर और सुरक्षा कर्मियों ने तुरंत सभी यात्रियों को विमान से उतार दिया. इसके बाद एयरलाइन स्टाफ और एयरपोर्ट के अधिकारी चूहे को पकड़ने में जुट गए. करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद चूहे को ढूंढकर मार दिया गया.
इस दौरान विमान रनवे पर ही खड़ा रहा और यात्रियों को लाउंज में इंतजार करना पड़ा. बार-बार उड़ान के समय में देरी से लोग परेशान हो उठे और परिजनों में भी बेचैनी का माहौल बन गया.
एयरपोर्ट अधिकारियों का बयान: एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा को देखते हुए पूरी फ्लाइट की दोबारा जांच की गई. सभी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद यात्रियों को फिर से विमान में बैठाया गया. देर शाम तक उड़ान भरने की तैयारी की जा रही थी.
इंडिगो का आश्वासन: यात्रियों का कहना है कि इस घटना ने जहां उन्हें घंटों की देरी झेलने पर मजबूर किया, वहीं एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी का भी माहौल बन गया. फिलहाल एयरलाइन ने आश्वासन दिया है कि सभी यात्रियों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचाया जाएगा.
















Leave a Reply