मेरठ में रातों-रात घर पर चिपकाए गए ‘आई लव मोहम्मद’ के पोस्टर, माहौल बिगाड़ने की साजिश नाकाम

Spread the love

मेरठ जिले के मवाना कस्बे के मोहल्ला मुन्नालाल में बुधवार देर रात अचानक कुछ मकानों की दीवारों पर “आई लव मोहम्मद” लिखे पोस्टर लगने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और सभी पोस्टरों को हटवाकर मामले की जांच शुरू कर दी.

रातों-रात लगे पोस्टर, लोगों में चिंता: स्थानीय लोगों के मुताबिक देर रात जब मोहल्ले के लोग घरों में सो रहे थे, तभी कुछ शरारती तत्वों ने मकानों और दरवाजों पर ये पोस्टर चिपका दिए. सुबह उठते ही लोगों ने जब पोस्टर देखे तो पूरे मोहल्ले में चर्चा शुरू हो गई. कुछ ही देर बाद पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद तत्काल पोस्टरों को हटवाया गया.  अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में डर और चिंता का माहौल है.

मकान मालिक बोले- हमें नहीं पता किसने लगाए: जिन मकानों पर पोस्टर लगाए गए, उनके मालिकों ने पुलिस को बताया कि उन्हें इस बारे में कोई जानकारी नहीं है. मकान मालिकों का कहना है कि यह काम कुछ अराजक और शरारती तत्वों का हो सकता है, जो माहौल खराब करना चाहते हैं. उन्होंने पुलिस से दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.

पुलिस ने बढ़ाई गश्त, सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे: घटना के बाद मवाना पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है. साथ ही पोस्टर चिपकाने वाले क्षेत्रों के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. पुलिस की दो टीमों को जांच में लगाया गया है, ताकि देर रात पोस्टर चिपकाने वालों की पहचान हो सके और उनके पीछे की मंशा का खुलासा किया जा सके.

माहौल बिगाड़ने की आशंका, सतर्क हुई पुलिस: प्रशासन का मानना है कि इस तरह की हरकतें जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश हो सकती हैं. पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को पकड़ लिया जाएगा.  फिलहाल क्षेत्र में शांति बनी हुई है, लेकिन लोग अब भी इस घटना को लेकर असमंजस में हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *