मुजफ्फरनगर में पुलिस ने एक लाख रुपए के इनामी बदमाश मेहताब को मुठभेड़ में मार गिराया है. शुक्रवार रात पुलिस को मेहताब के आने की सूचना मिली थी। जिसके बाद बदमाश की घेराबंदी की गई.
बदमाश को सरेंडर करने के लिए कहा गया, लेकिन उसने पुलिस टीम पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. आखिरकार पुलिस को भी जवाबी फायरिंग करनी पड़ी जिसमें बदमाश को गोली लगी. उसे अस्पताल ले जाया गया, डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मुठभेड़ में 2 सिपाही भी घायल हो गए उनका इलाज चल रहा है.

एसएसपी संजय वर्मा के अनुसार करीब 20 राउंड फायरिंग हुई. मेहताब का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया. एक पुलिसकर्मी के बुलेट प्रूफ जैकेट में भी गोली लगी है. मुठभेड़ बुढ़ाना थाना क्षेत्र के परसोली के जंगल में हुई. मारा गया बदमाश मेहताब शामली जिले के रसूलपुर का रहने वाला था. उस पर लूट, डकैती और रंगदारी सहित 18 से अधिक मुकदमे दर्ज थे.
बदमाश से मुठभेड़ के बाद पुलिस अफसरों ने मौके पर जांच पड़ताल की. बदमाश के पास से मिली रिवॉल्वर मुठभेड़ के बाद पुलिस को मेहताब के पास से कई चीजें मिली हैं. इसमें सरकारी .38 बोर की रिवाल्वर, 9 MM की पिस्तौल, कारतूस और बाइक भी शामिल हैं. जांच में पता चला है कि मेहताब एक सर्राफा व्यापारी से हुई लूट की घटना में फरार था. पुलिस के अनुसार, मेहताब कई गिरोहों से जुड़ा था. मुठभेड़ की सूचना पर मुजफ्फरनगर एसएसपी संजय वर्मा और एसपी देहात आदित्य बंसल मौके पर पहुंचे. घटनास्थल पर जांच की.
















Leave a Reply