यूपी के हापुड़ में बड़ा हादसा टल गया. बस चालक की लापरवाही के कारण कई यात्रियों की जान आफत में पड़ गई. शनिवार को हापुड़ के गढ़ ब्रजघाट गंगा पुल पर दो पुलों के बीच में रामपुर डिपो की एक रोडवेज बस लटक गई. इस घटना के बाद बस में बैठे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई. इसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
रामपुर डिपो की यह बस मुरादाबाद से दिल्ली जा रही थी. ब्रजघाट स्थित गंगा पुल पर पहुंचने के दौरान चालक को ब्रेक लगाने की जरूरत पड़ी, लेकिन ब्रेक पैडल दब नहीं पाया. इसके बाद चालक ने अपने पैर को आराम देने के लिए ब्रेक के पास ईंट का एक टुकड़ा रख दिया, जो अचानक ब्रेक के नीचे आ गया और उसे जाम कर दिया. ब्रेक न लगने पर, बस अनियंत्रित होकर गंगा पुल के किनारे लगे दोनों पुलों के बीच की रेलिंग से टकराई और हवा में लटक गई.
बस का अगला हिस्सा गंगा नदी के ऊपर झूल रहा था, जबकि पिछला हिस्सा पुल पर टिका था। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची. उन्होंने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. इसके बाद क्रेन की मदद से बस को खींचकर पुल पर वापस लाया गया। पुलिस ने बताया कि इस गंभीर लापरवाही के लिए चालक के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटना की पूरी जांच की जाएगी.
यात्रियों में चीख-पुकार, चालक घायल: हादसा होते ही बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और अफरातफरी का माहौल बन गया. गनीमत रही कि बस में सवार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई. सभी सुरक्षित हैं। हालांकि, बस चालक इस घटना में घायल हुआ है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.
















Leave a Reply